Kaimoor News: पति से तकरार के बाद पत्नी ने उठाया खतरनाक कदम, छोटी सी बात पर साथ छोड़ गया हमदम
कैमूर जिले के स्थानीय थाना क्षेत्र के नुआंव गांव निवासी एक महिला की छत से नीचे गिरने से मौत हो गई। जबकि मृतका के मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाते हुए स्थानीय थाने में आवेदन दिया है।
नुआंव, जागरण संवाददाता। कैमूर जिले के स्थानीय थाना क्षेत्र के नुआंव गांव निवासी एक महिला की छत से नीचे गिरने से मौत हो गई। जबकि मृतका के मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाते हुए स्थानीय थाने में आवेदन दिया है। आवेदन के आलोक में पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पति, सास और श्वसुर को गिरफ्तार कर लिया।
मृतका नुआंव निवासी मोनू चौधरी की 23 वर्षीय पत्नी प्रियंका उर्फ पूनम बताई जाती है। ससुराल वालों के अनुसार महिला ने छत से कूदकर आत्महत्या की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार आत्महत्या का कारण पति-पत्नी के बीच हुआ विवाद बताया जाता है। बताया गया कि सोमवार की शाम पति पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ।
किसी बात को लेकर पति-पत्नी में हुई थी तकरार
बातचीत के बाद मामला शांत हो गया। दोनों शांत हो गए। इसके बाद रात में पत्नी छत से छलांग लगा दी। छलांग लगाने के बाद गिरने से उसकी स्थिति नाजुक हो गई। स्वजन आनन-फानन में उसे लेकर सदर अस्पताल भभुआ गए। जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृत महिला के पिता यूपी के सारनाथ निवासी बाड़ू चौधरी हैं।
पति, श्वसुर और सास गिरफ्तार
उन्होंने नुआव थाने में आवेदन देकर अपनी बेटी को ससुराल वालों द्वारा हत्या कर छत से फेंकने की प्राथमिकी दर्ज कराई। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजने के साथ ही स्थानीय पुलिस ने पति मोनू चौधरी, श्वसुर दीनानाथ चौधरी और सास उषा देवी को गिरफ्तार कर ली। इस संबंध में थानाध्यक्ष सुनीत सिंह ने बताया कि मृतका के पिता के आवेदन के आलोक में प्राथिमकी दर्ज कर तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।