रामगढ़ में कड़ी सुरक्षा के बीच आज डाले जाएंगे वोट
चौथे व अंतिम चरण में रविवार को रामगढ़ में होने वाले पैक्स चुनाव के
भभुआ। चौथे व अंतिम चरण में रविवार को रामगढ़ में होने वाले पैक्स चुनाव के लिए पोलिग पार्टी शनिवार को चुनाव सामग्री के साथ रवाना हो गई। प्रखंड के सभागार भवन से सभी मतदान कर्मियों को चुनाव से संबंधित आवश्यक जानकारी के साथ बीआरसी से मतपेटी दी गई। एक एक बूथ के पी वन, पी टू व पी थ्री को चुनाव कराने से संबंधित आवश्यक जानकारी दी गई। बीडीओ सह प्रखंड निर्वाची पदाधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि मतदान केंद्र के लिए दो दो मतपेटियों के साथ मतदान कर्मियों को रवाना किया गया। बूथ पर असामाजिक तत्वों पर पुलिस की कड़ी नजर रहेगी। मतदान केंद्र में किसी तरह का व्यवधान करने वाले लोगों को गिरफ्तार करने का निर्देश दिया गया है। सभी मतदान केंद्रों पर डीएपी व बिहार सैन्य पुलिस के जवानों को तैनात किया गया है। बंदीपुर, डरवन व सहुका समेत आठ मतदान केंद्रों को अतिसंवेदनशील बनाया गया है। यहां पर्याप्त पुलिस बल के जवानों के अलावा अलग से पुलिस पेट्रोलिग पार्टी के लोग नजर रखेंगे। प्रखंड में कुल 23 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। मतदान केंद्र के इर्द गिर्द निषेधाज्ञा लागू कर दी गई है। मतदाताओं को डराने धमकाने वाले लोगों को चिह्नित किया जा रहा है। सभी बूथों पर पर्दानशी महिलाओं की जांच के लिए महिला पुलिस की तैनाती की गई है। जो मतदाताओं के वोटर आइडी से मिलान करेंगी।
प्रखंड निर्वाची पदाधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि दस पैक्स के लिए हो रहे चुनाव में कुल 36 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इसके अलावा नरहन जमुरना, सदुल्लहपुर डरवन, सहुका, व देवहलियां में अध्यक्ष के साथ सदस्य का भी चुनाव हो रहा है। यहां दो से चार बैलट पेपर पर मतदाताओं को मताधिकार का प्रयोग करना है। इसके अलावा अन्य सभी पंचायतों में केवल अध्यक्ष पद के लिए चुनाव एक बैलट पेपर पर होंगे। उन्होंने बताया कि सुबह सात से शाम तीन बजे तक ही मतदान होगा। इसके बाद बूथों पर पहुंचने वाले मतदाताओं को मताधिकार से वंचित होना पड़ेगा। चुनाव की सभी गतिविधियों की जानकारी के लिए प्रखंड कार्यालय के बीडीओ कक्ष को कंट्रोल रूम बनाया गया है।