कैमूर के चैनपुर में तीसरे चरण के पंचायत चुनाव का मतदान आज
चैनपुर प्रखंड क्षेत्र के सभी 16 पंचायतों के 213 बूथों पर शुक्रवार को भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान संपन्न होगा।
कैमूर। चैनपुर प्रखंड क्षेत्र के सभी 16 पंचायतों के 213 बूथों पर शुक्रवार को भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान संपन्न होगा। जिसके लिए सभी पोलिग कर्मी मतदान सामग्री को लेकर अपने-अपने मतदान केंद्रों पर गुरुवार को रवाना हो गए। शुक्रवार को 16 पंचायतों के सभी 213 बूथों पर प्रखंड क्षेत्र के सभी 1,25,324 मतदाता अपने मतों का प्रयोग करते हुए पंचायत स्तर पर खड़े प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। प्रखंड क्षेत्र में कुल मतदाताओं में महिला मतदाता 60153 जबकि पुरुष मतदाता 65171 है।
गुरुवार की सुबह सर्वप्रथम पहाड़ी क्षेत्र पर बसे गांव जैसे डूमरकोन, सेमरा, मसानी आदि बूथों पर मतदान कर्मियों को सर्वप्रथम रवाना किया गया है। जिसके बाद मैदानी भागों में स्थित मतदान केंद्रों पर मतदान कर्मियों को रवाना करने का कार्य किया गया। चैनपुर प्रखंड क्षेत्र के सभी 213 मतदान केंद्रों में संवेदनशील व अतिसंवेदनशील 183 जबकि नक्सल प्रभावित 30 बूथ है, एक भी बूथ सामान्य नहीं है। जिसे लेकर प्रशासन शांतिपूर्ण तरीके से मतदान संपन्न करवाने को लेकर काफी मुस्तैद है। सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की कोई ढील ना हो इसे लेकर प्रखंड क्षेत्र में प्रतिनियुक्त किए गए सभी 116 पीसीसीपी को बेहतर तरीके से ट्रेनिग दी गई है एवं विकट परिस्थितियों में तत्काल उन्हें क्या कार्य करना है। जिसके विषय में विधिवत बताया गया है। चुनाव में गड़बड़ी करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।
मतदान केंद्र पर सुगम तरीके से मतदान संपन्न कराने को लेकर प्रत्येक बूथ पर पीठासीन पदाधिकारी सहित कुल छह लोगों की प्रतिनियुक्ति की गई है। जिनके द्वारा आज मतदान संपन्न कराया जाएगा।