बाइकों की टक्कर में दो की मौत, तीन घायल
पेज तीन की लीड- फोटो नंबर- 0
थाना क्षेत्र के भगवानपुर-जैतपुर सड़क पर भटवलियां गांव के समीप गुरुवार की शाम दो बाइक की आमने-सामने हुई टक्कर में दोनों बाइक चालक की मौत हो गई। जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल भभुआ लाया गया। जहां उनका इलाज किया गया। मृतकों में भगवानपुर गांव निवासी वीरेंद्र चौधरी का 20 वर्षीय पुत्र मनीष चौधरी तथा नागेंद्र दुबे का 28 वर्षीय पुत्र बड़क दुबे शामिल हैं। वहीं घायलों में भगवानपुर गांव के ही रोहन चौधरी का पुत्र दिनेश चौधरी, बुटन दुबे का पुत्र जितेंद्र दुबे तथा नन्हे दुबे का पुत्र सोन दुबे शामिल हैं। मिली जानकारी के अनुसार बाइक पर वीरेंद्र चौधरी का 20 वर्षीय पुत्र मनीष चौधरी व उस पर सवार रोहन चौधरी का पुत्र दिनेश चौधरी भगवानपुर से जैतपुर की तरफ जा रहे थे। वहीं जैतपुर की तरफ से बाइक पर नगेन्द्र दुबे का 28 वर्षीय पुत्र बडक दुबे व उस पर सवार नन्हे दुबे का पुत्र सोनु दुबे आ रहे थे। इसी दौरान भटवलियां गांव के समीप एक बोलेरो वाहन को ओवरटेक करने में दोनों बाइकों की आमने सामने टक्कर हो गई। जिसके चलते दोनों बाइक चालक की मौत हो गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी देते हुए सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भगवानपुर में ले गई। जहां चिकित्सक ने दोनों मनीष चौधरी व बड़क दुबे को मृत घोषित कर दिया। तीन अन्य घायलों को सदर अस्पताल भभुआ रेफर कर दिया गया। जहां चिकित्सकों ने घायलों की स्थिति गंभीर देखते हुए वाराणसी के ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। ट्रामा सेंटर में इलाज के बाद रोहन चौधरी का पुत्र दिनेश चौधरी घर वापस आ गया और दो घायलों का वाराणसी के ट्रामा सेंटर में चल रहा है। परिजनों के द्वारा बताया जाता है कि दोनों घायलों की स्थिति गंभीर है। थाना अध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि घटना के बाद पुलिस तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को पीएचसी भगवानपुर में ले गई। चिकित्सक के रेफर करने के बाद घायलों को सदर अस्पताल भभुआ भी ले जाया गया। दोनों बाइक चालकों के शव को सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। होली के दिन गांव में बड़ा हादसा हो जाने के चलते गांव में मातमी सन्नाटा छा गया। भगवानपुर गांव में होली पर्व किसी के घर नहीं मना। सभी लोग घायलों की स्थिति के बारे में जानकारी लेते रहे।