भभुआ में ननिहाल आए किशोर की गला दबाकर हत्या, निर्माणाधीन मकान में फेंक दिया शव
भभुआ में गुरुवार की रात एक किशोर अपने घर से लापता हो गया। वे अपनी नानी के घर आया था। शुक्रवार को घर के ही पास निर्माणाधीन मकान में उसका शव मिला।
कैमूर, जेएनएन। चैनपुर थाना क्षेत्र के खड़ौरा गांव अपने ननिहाल आए किशोर की गुरुवार की रात गला दबाकर हत्या करने का मामला सामने आया है। शुक्रवार की सुबह शव किशोर के मामा के निर्माणाधीन मकान से बरामद हुआ। मृतक चैनपुर थाना क्षेत्र के संघारवीर पर्वतपुर गांव निवासी नागा राय का पुत्र अर्जुन कुमार 14 वर्ष बताया जाता है।
एक महीने से ननिहाल में रह रहा था
मिली जानकारी के अनुसार अर्जुन कुमार एक महीने से अपने ननिहाल खड़ौरा गांव में आया था। उसके मामा रामराज राय और रामकरण राय दोनों का घर एक दूसरे से सटा है। इसमें रामकरण राय का मकान अभी बन रहा है। प्रतिदिन अर्जुन निर्माणाधीन मकान के बगल वाले मकान में ही सोता था। गुरुवार की शाम उसके मामा ने उसे गांव के ही एक दो लड़कों के साथ देखा। उसके मामा ने बताया कि वह घर से बिना खाए पिये ही निकला था। रोज उसी मकान के बगल में सोने जाता था, इसलिए वहां जाने की बात सोच ज्यादा खोज भी नहीं की गई। लेकिन सुबह सूचना मिली की छोटे मामा रामकरण राय के निर्माणाधीन मकान में अर्जुन का शव पड़ा है। इसके बाद मौके पर पहुंच कर पुलिस को सूचना दी गई। उसके मामा ने बताया कि अर्जुन के शरीर पर गले पर जख्म के निशान दिखे। इससे ऐसा प्रतीत होता है कि उसकी गला दबाकर हत्या कर दी गई है।
एक को हिरासत में ले की जा रही है पूछताछ
बता दें कि अर्जुन कुमार अपने चार भाइयों में सबसे छोटा था। वह पढ़ाई छोड़ दिया था। इस संबंध में चैनपुर थानाध्यक्ष संतोष सिंह ने बताया कि सूचना के बाद मौके पर पुलिस गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के नाक से झाग निकल रहा था एवं पैर व हाथ पर जख्म के निशान थे। जिसे देखते हुए प्रथम दृष्टया हत्या का ही मामला प्रतीत हो रहा है। एक व्यक्ति को मामले में पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। जिससे पूछताछ की जा रही है। घटना को लेकर अभी परिजनों ने थाना में आवेदन नहीं दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मामले की सच्चाई के बारे में पता लग सकता है।