विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 28, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Bihar: कैमूर में ट्रक से थाई मांगुर मछली बरामद, कुछ जमीन पर गिरी तो लूट ले गए ग्रामीण; खाने से होता है कैंसर

By Jagran NewsEdited By: Roma Ragini
Published: Fri, 28 Apr 2023 03:28 PM (IST)Updated: Fri, 28 Apr 2023 03:30 PM (IST)

Thai Mangur fish-कैमूर जिले में प्रतिबंधित थाई मांगुर मछली लेकर जा रही एक ट्रक को पकड़ा गया है। पुलिस और ...और पढ़ें

कैमूर में एक ट्रक थाई मागुर मछली जब्त
कैमूर में एक ट्रक थाई मागुर मछली जब्त

संवाद सूत्र, दुर्गावती (कैमूर)। जिले के स्थानीय थाना क्षेत्र के खामिदौरा मोड़ के पास गुरुवार की देर शाम में मत्स्य विभाग के पदाधिकारियों और स्थानीय पुलिस ने थाई मागुर मछली से भरी एक ट्रक को पकड़ा। यह मछली प्रतिबंधित है। इसे चोरी से लेकर जाया जा रहा था।

जानकारी के अनुसार मत्स्य विभाग के पदाधिकारियों को सूचना मिली कि कैमूर जिले से होकर एक ट्रक पर थाई मांगुर मछली ले जाई जा रही है। सूचना पर मत्स्य विभाग के पदाधिकारियों ने दुर्गावती थाना की पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पुलिस एनएच दो पर ट्रकों की जांच करने लगी। इसी दौरान उक्त ट्रक पकड़ा गया।

जांच में ट्रक से थाई मांगुर मछली बरामद हुई। देखने के दौरान कुछ मछलियां जमीन पर गिर पड़ी। उसमें से कुछ मछलियों को ग्रामीण ले भी गए। हालांकि, पुलिस की सख्ती से बहुत अधिक लोग मछलियों को ले जाने में सफल नहीं हुए। इसके बाद तत्काल बिहार-यूपी बॉर्डर के कर्मनाशा नदी तट पर गड्ढा खोदवा कर मछलियों को नष्ट करा दिया गया।

इधर, जिस ट्रक से मछली बरामद हुई है उसके चालक और सह चालक फरार हो गए। बताया जा रहा है कि ट्रक पश्चमि बंगाल से दिल्ली जा रहा था। बता दें कि बीते साल भी दुर्गावती में एक ट्रक से थाई मांगुर मछली बरामद की गई थी। उस समय कोई ग्रामीण मछली नहीं ले जा सका था। मत्स्य विभाग के पदाधिकारियों ने मछलियों को गड्ढा खोदवा कर नष्ट करा दिया था।

इस संबंध में थानाध्यक्ष राजीव रंजन ने बताया कि ट्रक को जब्त कर लिया गया है। नंबर के आधार पर ट्रक के बारे में पता लगाया जा रहा है।

क्यों प्रतिबंधित है ये मछली

जिला मत्स्य पदाधिकारी शिवशंकर के अनुसार थाई मांगुर मछली को बिहार में प्रतिबंधित किया गया है। यह मांसाहारी मछली है। अपनी प्रजाति को छोड़ सभी दूसरी मछलियों को खा जाती है। यदि यह नदी तालाब में गई तो अन्य मछलियों का अस्तित्व समाप्त हो जाएगा।

पदाधिकारी ने कहा कि चोरी-छिपे लाई जा रही मछलियों को जब्त कर दफना दिया जाता है। ये मछली बंगाल वगैरह के समुद्री क्षेत्र में पाई जाती हैं और पाली जाती हैं।