यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 22, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
प्रशांत किशोर का रामगढ़ में 'कुशवाहा' कार्ड, इस दिग्गज को चुनावी मैदान में उतारा; सियासी पारा हाई
जन सुराज पार्टी ने रामगढ़ विधानसभा उपचुनाव के लिए सुशील कुशवाहा (Jan Suraaj Sushil Kushwaha) को अपना उम्मीदवार घोषित किया ...और पढ़ें

संवाद सहयोगी, मोहनियां। जन सुराज ने रामगढ़ विधानसभा उपचुनाव (Ramgarh By-Election) में सुशील कुशवाहा (Sushil Kushwaha) पर दांव लगाया है। मंगलवार को मोहनियां के एक होटल में जन सुराज (Jan Suraaj Party) के कार्यकारी अध्यक्ष मनोज भारती ने सुशील कुशवाहा के नाम की घोषणा की।
सोमवार को भभुआ में जन सुराज के संस्थापक रणनीतिकार प्रशांत किशोर (Prashant Kishor) ने 203 रामगढ़ विधानसभा के उपचुनाव के संभावित उम्मीदवारों में पांच नामों की चर्चा की थी। जिसमें विनायक प्रसाद जायसवाल, आनंद सिंह, शमीम अहमद, अधिवक्ता राम नारायण राम व सुशील कुशवाहा का नाम शामिल था।
सुशील कुशवाहा ने मारी बाजी
उन्होंने कहा था कि इसमें से जनता जिसका समर्थन करेगी उसी को जन सुराज का उम्मीदवार बनाएगा। मंगलवार को जन सुराज के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती उम्मीदवार की घोषणा करेंगे। रामगढ़ विस उपचुनाव को लेकर पांच नामों में कौन बाजी मारेगा इसको लेकर चर्चा का बाजार गर्म था। हालांकि, इसमें सुशील कुशवाहा ने बाजी मार ली। इसके साथ ही उम्मीदवार को लेकर हो रही चर्चा पंर विराम लग गया।
जन सुराज के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष ने प्रत्याशी के नाम की घोषणा की। उनके साथ सेवानिवृत आईपीएस अधिकारी आर के मिश्रा, सुशील कुशवाहा, आनंद सिंह, विनायक प्रसाद जायसवाल, राम नारायण राम मौजूद रहे।

कौन हैं सुशील कुशवाहा?
ज्ञात हो कि सुशील कुशवाहा लंबे समय से बहुजन समाज पार्टी से जुड़े रहे हैं। वर्ष 2019 में बक्सर से लोकसभा चुनाव लड़े थे और तीसरे स्थान पर रहे। इस चुनाव में उन्हें 80,261 मत प्राप्त हुआ था।
जन सुराज के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जनता और संभावित प्रत्याशियों की सहमति से सुशील कुशवाहा को उम्मीदवार बनाया गया है। इनकी पहचान रामगढ़ विधान सभा क्षेत्र में स्वच्छ छवि वाले समाजवादी नेता के रूप में है। सुशील ने समाज के सभी वर्गों के लिए काम किया है।
तरारी में श्रीकृष्ण सिंह मैदान में
बता दें कि जन सुराज पार्टी ने रामगढ़ से पहले तरारी विधानसभा सीट पर भी उम्मीदवार घोषित किया था। तरारी में पूर्व उप सेना प्रमुख श्रीकृष्ण सिंह जन सुराज के प्रत्याशी हैं। हालांकि, अभी उनके नामांकन को लेकर पेच फंस गया है। दरअसल, पता चला है कि उनका नाम बिहार में वोटर लिस्ट में नहीं है। प्रशांत किशोर का कहना है कि उनके प्रत्याशी को चुनाव ना लड़ने देने के लिए साजिश रची जा रही है। प्रशांत किशोर ने यह भी बताया कि एक-दो दिन में स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।
