पुलिस पर फायरिग के आरोपित की तलाश में कई जगह छापेमारी
कैमूर। मोहनियां थाना क्षेत्र के भिट्टी गांव में गोलीबारी के एक आरोपी को पकड़ने गई पुलिस के साथ हाथापाई करने वाले चार आरोपियों को शुक्रवार को भभुआ जेल भेज दिया गया।
कैमूर। मोहनियां थाना क्षेत्र के भिट्टी गांव में गोलीबारी के एक आरोपी को पकड़ने गई पुलिस के साथ हाथापाई करने वाले चार आरोपियों को शुक्रवार को भभुआ जेल भेज दिया गया।
बता दें कि मोहनियां थाना क्षेत्र के भिट्टी गांव निवासी राकेश पासवान पर गत वर्ष 28 अक्टूबर को लक्ष्मी पूजा के अवसर पर एक ग्रामीण को गोली मारकर घायल करने का मामला दर्ज है। वह काफी दिनों से फरार है। गुरुवार को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि उक्त आरोपी घर पर है। एसपी दिलनवाज अहमद के निर्देश पर प्रशिक्षु डीएसपी के साथ मोहनियां के थानाध्यक्ष उदय भानु सिंह, दारोगा राजीव कुमार पुलिस बल के साथ भिट्टी गांव पहुंचे। पुलिस को देखते ही आरोपी राकेश पासवान तमंचे से फायर करने लगा जिसमें पुलिस बाल बाल बची। इसके बाद वह भाग निकला। पुलिस ने जब आरोपी के स्वजनों से पूछताछ की तो वे उलझ गए। पुलिस से हाथापाई करने लगे। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने गोली चलाने वाले राकेश के पिता राम सुंदर पासवान, भाई सुधीर पासवान व तरारन पासवान तथा चाचा अवधेश पासवान को गिरफ्तार कर लिया। जिन्हें शुक्रवार को भभुआ जेल भेज दिया गया।
इस संबंध में एसपी दिलनवाज अहमद ने बताया कि पुलिस पर गोली चलाना इस बात को प्रमाणित करता है कि राकेश पासवान कितना शातिर है। उसके भागने के बाद स्वजन पुलिस से उलझकर हाथापाई करने लगे। यह कानून को खुली चुनौती देना है। गोली चलाकर भागने वाले आरोपी की गिरफ्तारी के लिए मोहनियां पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। शीघ्र ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।