मार्केट कंप्लेक्स निर्माण के विरोध में दिया धरना
नगरपालिका मैदान बचाओ अभियान के अंतर्गत विभिन्न राजनीतिक दलों सामाजिक कार्यकर्ताओं के द्वारा घेरा डालो डेरा डालो आंदोलन शनिवार से शुरू किया गया।
नगरपालिका मैदान बचाओ अभियान के अंतर्गत विभिन्न राजनीतिक दलों, सामाजिक कार्यकर्ताओं के द्वारा घेरा डालो डेरा डालो आंदोलन शनिवार से शुरू किया गया। इस क्रम में शनिवार को नगरपालिका मैदान में धरना दिया गया। लोगों ने पहले नगर में मार्च निकाला। इसके बाद नगरपालिका मैदान में करीब पांच घंटे तक धरना दिया। वक्ताओं का कहना है कि इस बारे में कई बार डीएम को पत्र दिया गया और उन्होंने खुद आकर जांच किया था। लेकिन अब तक उस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस मामले में अब तक भाजपा व जदयू के जिलाध्यक्ष व विधायक, सांसद भी चुप्पी साधे हुए है। सभी ने आरोप लगाया कि इस मामले में सभी का हिस्सा बंधा हुआ है। इस बारे में बिहार सरकार के मंत्री, आयुक्त, राज्यपाल, नगर विकास सचिव को भी आवेदन के माध्यम से पत्र भेजा गया है।
वक्ताओं ने कहा कि मार्केट कंप्लेक्स निर्माण से पास में स्थित विद्यालय व पीएचईडी विभाग में आने जाने का रास्ता भी बंद हो जाएगा। इस संबंध में विद्यालय के एचएम ने डीईओ को पत्र भी लिखा है। इस संबंध में नगर परिषद से आरटीआइ के माध्यम से जानकारी भी मांगी गई थी। जिसमें नप की ओर से कहा गया है कि तालाब के जगह पर जल जीवन हरियाली कार्यक्रम के तहत तालाब का ही निर्माण होगा। वहीं जहां मार्केट काम्पलेक्स बनाना है उसके लिए टेंडर हो चुका है। लोग दुकान का बुकिग करा चुके हैं। दो बार विज्ञापन भी छप चुका है। कार्यालय को लगभग दो करोड़ के आसपास में राशि भी आ चुकी है। मौके पर बबन सिंह, मोरध्वज सिंह, लुटावन प्रसाद, बिग्गू शर्मा, बलादाउ सिंह, मुख्तार अंसारी, रंगलाल पासवान, पिटू राम, बनारसी सिंह यादव, संतन पासवान, मनोहर राम, मुन्ना पांडेय सहित काफी संख्या में लोग शामिल थे।