जिले के चार प्रखंडों में शांतिपूर्ण तरीके से हुई मतगणना
देर रात तक चलती रही मतगणना सुरक्षा व्यवस्था के रहे कड़े इंतजाम - निर्वाचित पैक्स अध्यक्षों को दिया गया प्रमाण पत्र जाटी भगवानपुर/चांद/चैनपुर/अधौरा जिले के भगवानपुर चांद
जिले के भगवानपुर, चांद, चैनपुर व अधौरा प्रखंड में बुधवार को दूसरे चरण में हुए मतदान की मतगणना गुरुवार की सुबह शुरू हुई। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हुई मतगणना के प्रथम दौर से ही प्रत्याशियों के समर्थकों की भीड़ मतगणना स्थल पर जुट गई। लेकिन सुरक्षा में तैनात पुलिस जवानों ने किसी भी समर्थक को मतगणना स्थल के अंदर नहीं जाने दिया। इससे मतगणना स्थल पर भीड़ नहीं हो पाई। भगवानपुर प्रखंड मुख्यालय में स्थित हाई स्कूल में सुबह आठ बजे से मतगणना का कार्य शुरू किया गया। भगवानपुर में कुल सात पंचायतों के लिए मतगणना करनी थी। इसके लिए सात टेबल बनाए गए थे। प्रत्येक टेबल पर चार-चार कर्मी प्रतिनियुक्त किए गए थे। भगवानपुर में शाम तक चार पंचायतों के परिणाम सामने आ चुके थे। इसमें कसेर पंचायत में अरूण कुमार सिंह, जैतपुर पंचायत में राम केश्वर सिंह, टोड़ी में बृज मोहन सिंह व पहड़ियां पंचायत में जितेंद्र यादव को निर्वाचित किए जाने की सूचना मिली थी। अभी तीन पंचायतों की काउंटिग होनी बाकी थी। वहीं चैनपुर प्रखंड के कुल छह पंचायतों की मतगणना करने के लिए चैनपुर प्रखंड कार्यालय के सभागार नौ टेबल बनाए गए थे। प्रत्येक टेबल पर चार-चार कर्मी प्रतिनियुक्त किए गए थे। इसके अलावा आठ कर्मियों को रिजर्व में रखा गया था। चैनपुर प्रखंड के छह पंचायतों में पांच के परिणाम सामने आने तक उदयरामपुर पंचायत में कबीर खां, मदुरना में मुराद खां, बिउर मानपुर में मुस्लिम खां, मंझुई में राजेश कुमार सिंह व रामगढ़ में रवींद्र कुमार पांडेय ने जीत हासिल की थी। वहीं चांद प्रखंड में प्रखंड कार्यालय के सभागार में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतगणना हुई। जिसमें गोईं पैक्स से कृष्णकांत सिंह, कुड्डी पैक्स से प्रदीप कुमार, शिवरामपुर पैक्स से नौशाद अहमद खां को निर्वाचित घोषित किया गया। सभी प्रखंडों में मतगणना कार्य का जायजा निर्वाची पदाधिकारी के अलावा अन्य वरीय पदाधिकारी ले रहे थे। पुलिस जवान सभी गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थे।