इकतरफा प्यार की गजब दास्तान, कलाई काटी, फिर लगा दी नदी में छलांग
एकतरफा प्रेम में पहले कलाई काटी। इसके बाद भी लड़की नहीं मानी तो पुल से नदी में छलांग लगा दी। प्रेम में पागल घायल किशोर का अब अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना भभुआ के बेतरी गांव की है।
कैमूर। एकतरफा प्रेम में पहले कलाई काटी। इसके बाद भी लड़की नहीं मानी तो पुल से नदी में छलांग लगा दी। प्रेम में पागल घायल किशोर का अब अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना भभुआ के बेतरी गांव की है।
जानकारी के अनुसार, भभुआ थाना क्षेत्र के बेतरी गांव निवासी नंद लाल सेठ के 19 वर्षीय पुत्र उपेन्द्र कुमार को एक छात्रा से इकतरफा प्यार हो गया। छात्रा ने उसके इजहार को नजरअंदाज किया। प्रेम को परवान पर चढ़ते नहीं देख युवक ने डेढ़ माह पूर्व ब्लेड से अपनी बांह को कई जगह काट लिया था। परिजनों द्वारा उसे समझा कर इलाज कराया गया था। लेकिन, युवक उस लड़की के पीछे दीवाना बना रहा।
सोमवार को भी सुवरन नदी पुल के करीब युवक उस छात्रा से मिला। छात्रा ने आज भी उसके प्यार को स्वीकार नहीं किया तो वह ब्लेड से अपनी कलाई पर फिर जख्म बनाने लगा। छात्रा इसका विरोध करते हुए वहां से चली गई । इससे आहत युवक ने पुल से नदी में छलांग लगा दी। लगभग 50 फीट की ऊंचाई से कूदने के कारण उसका पैर टूट गया।
प्यार में पागल प्रेमी के पुल से कूदने की यह घटना नगर में चर्चा का विषय बनी हुई है। हालांकि, पुलिस के अनुसार युवक पुल के पास चक्कर आने से मै नदी में गिर गया था।