मोदी सरकार ने देश का गौरव बढ़ाया : नित्यानंद
मोदी सरकार ने देश का गौरव बढ़ाया है। आजादी के बाद देश शक्तिशाली और समृद्ध हुआ है।
कैमूर । मोदी सरकार ने देश का गौरव बढ़ाया है। आजादी के बाद देश शक्तिशाली और समृद्ध हुआ है। यह बातें भारत सरकार के गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने गुरुवार को दुर्गावती बाजार के अपग्रेड कन्या उच्च विद्यालय में एनडीए द्वारा आयोजित चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कही।
नरेंद्र मोदी ने विकास की गंगा को जन जन तक पहुंचाने का काम किया है। कोरोना काल में गरीबों को मुफ्त में राशन वितरण किया गया। पूर्व की सरकार में पाकिस्तान व चीन का सुर मिलाया जाता था। लेकिन मोदी सरकार में देश की जनता हिदुस्तान जिदाबाद बोल रही है। कहा हम आतंकवाद को मिटा कर ही दम लेंगे। देश का विकास हमारी प्राथमिकता है। कहा कि पांच सौ वर्ष तक श्री राम मंदिर अयोध्या में नहीं बना, लेकिन मोदी के नेतृत्व में मंदिर का निर्माण हो रहा है। धारा 370 को खत्म कर सरकार ने एक भारत व श्रेष्ठ भारत की परिकल्पना को पूरा कर रही है। प्रदेश की एनडीए सरकार नीतीश कुमार के नेतृत्व में सिचाई ,सड़क, बिजली आदि के क्षेत्र में तेजी से विकास कर रही है। वीआइपी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सन ऑफ मल्लाह मुकेश साहनी ने कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में राज्य में डबल इंजन की सरकार को बनाना है। विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जब सरकार में रहे तो लोगों को नौकरी नहीं दिए, अब दस लाख बेरोजगार युवाओं को नौकरी देने की बात करते हैं। एनडीए ने हमें सम्मान दिया है उसको हम सूद समेत चुकाएंगे। नीतीश कुमार ने राज्य में कानून व्यवस्था का राज स्थापित किया है। दोबारा हम राज्य में जंगल राज की सरकार नहीं आने देंगे। नेताओं ने रामगढ़ से अशोक कुमार सिंह ,चैनपुर से बृज किशोर बिद, भभुआ से रिकी रानी पांडेय व मोहनियां से निरंजन राम को जिताने की अपील की। सभा की अध्यक्षता भाजपा के जिलाध्यक्ष मनोज जायसवाल व संचालन बैरिस्टर बिद ने किया।