मोहनियां में बनेगा मार्केट कॉम्पलेक्स, लाइटों से जगमग होगा नगर
नगर पंचयत के बोर्ड की बैठक में विकास कार्यों को गति देने पर दिया गया बल संवाद सहयोगी मोहनियां शुक्रवार को नगर पंचायत के सभा कक्ष में बोर्ड की बैठक हुई। जिसमें पूर्व की बैठक की कार्यवाही की पुष्टि की गई। विकास कार्यों को गति देने पर बल दिया गया। सभी वार्डों में शीघ्र लाइटें लगाने का निर्णय लिया गया। सा
शुक्रवार को नगर पंचायत के सभा कक्ष में बोर्ड की बैठक हुई। जिसमें पूर्व की बैठक की कार्यवाही की पुष्टि की गई। विकास कार्यों को गति देने पर बल दिया गया। सभी वार्डों में शीघ्र लाइटें लगाने का निर्णय लिया गया। साफ सफाई व्यवस्था बेहतर होगी। नगर में जगह की उपलब्धता वाले वार्डों में मार्केट कॉम्पलेक्स बनाने पर चर्चा हुई। बैठक की अध्यक्षता नगर पंचायत के मुख्य पार्षद राजकुमार प्रसाद व संचालन कार्यपालक पदाधिकारी संजय उपाध्याय ने किया। ईओ ने बताया कि नगर के मुख्य सड़कों के अलावा सभी वार्डों में लाइट लगाने का कार्य शीघ्र प्रारंभ होगा। दिसंबर माह तक जिन कर्मियों की सेवा की अवधि समाप्त हो गई थी उनको सेवा विस्तार देने पर चर्चा हुई। नगर में चल रही योजनाओं के कार्यों को पूरा करने पर बल दिया गया। जिसमें नल जल योजना के साथ गली नाली निर्माण इत्यादि शामिल है। पूर्व की जनगणना में जिन अजा गरीबों का नाम छूट गया है, वार्ड सदस्यों की अनुशंसा पर उनका नाम जोड़ा जाएगा। जिससे उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिल सके। वार्ड संख्या चार और आठ में स्थान चिह्नित कर मार्केट कॉम्पलेक्स बनाने का कार्य प्रारंभ किया जाएगा। इसके अलावा जिन वार्डों में जगह की उपलब्धता होगी वहां भी मार्केट कॉम्पलेक्स बनाया जाएगा। नगर पंचायत का राजस्व बढ़ाने पर चर्चा हुई। वार्ड सदस्यों ने जो भी समस्या रखी उसके समाधान पर सहमति बनी। नगर में साफ सफाई की व्यवस्था को और बेहतर बनाने और सुंदरीकरण पर विशेष बल दिया गया। बैठक में उप मुख्य पार्षद अशोक लहरी, वार्ड पार्षद अज्ञेय विक्रम बोस्की, याहिया खान, अनिल कुमार सिंह सहित सभी वार्ड पार्षद व सभी कर्मी उपस्थित रहे।