निमियां गांव में संदिग्ध अवस्था में महिला की मौत
थाना क्षेत्र के निमियां गांव में मंगलवार की रात संदिग्ध अवस्था में एक महिला की मौत हो गई।
कैमूर। थाना क्षेत्र के निमियां गांव में मंगलवार की रात संदिग्ध अवस्था में एक महिला की मौत हो गई। मृत महिला अनिता देवी (25 वर्ष) गांव के निवासी अरुण ¨सह यादव की पत्नी बताई गई है। मृतका के पति व उसके मायके वालों को संदेह है कि उसके साथ घर में मौजूद उसकी गोतनी ने उसकी हत्या कर दी। वहीं गोतनी का कहना है कि अर्थिंग में पानी डालते वक्त बिजली के करंट से उसकी मौत हो गई। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर मामले की छानबीन में जुटी हुई है। मृत महिला के दो छोटे बच्चे हैं जो उसकी मौत के बाद बिना मां के हो गए हैं। ग्रामीण व पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक अरुण ¨सह यादव का अपने भाई से हिस्से का बंटवारा हो गया था। लेकिन दोनों भाइयों का परिवार अभी एक ही घर में रहता था। घटना के समय अरुण ¨सह यादव अपने घर पर मौजूद नहीं थे। वे तिलक समारोह में भाग लेने के लिए रोहतास जिले के एक गांव में अपने रिश्तेदारी में गए हुए थे। घर में सिर्फ दोनों गोतनी और बच्चे मौजूद थे। रात के करीब 11 बजे के बाद अनीता देवी की गोतनी ने घर के बाहर सो रहे अपने श्वसुर को जगा कर गोतनी को करंट मार देने की सूचना दी। उसके बाद गांव वालों को घटना की जानकारी हुई। ग्रामीणों से सूचना मिलने पर रात में ही मृतका के पति तथा रोहतास जिले के कोचस थाना क्षेत्र के शिवपुर गांव से उसके मायके के लोग भी निमियां गांव में पहुंच गए। घटना की जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष राजीव रंजन के निर्देश पर कुदरा थाना की पुलिस भी घटना स्थल पर पहुंच कर मामले की छानबीन व आगे की कार्रवाई में जुट गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि मृतका के साथ घर में मौजूद रही उसकी गोतनी उसके करंट से मरने की बात कह रही है। लेकिन उसके पति तथा उसके मायके वालों का कहना है कि उसकी गोतनी द्वारा उसके साथ मारपीट व गाली गलौज की जाती थी तथा जान से मारने की धमकी दी गई थी। इसलिए उनका संदेह है कि उसी ने हत्या कर दी। थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की तहकीकात में जुटी हुई है।