कैमूर वालों के लिए बड़ी खुशखबरी: अब सिलेंडर की झंझट खत्म! घरों में पाइप से पहुंचेगी रसोई गैस, सितंबर से शुरुआत
कैमूर जिले में पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) वितरण नेटवर्क का विस्तार तेजी से हो रहा है, जिसके तहत मोहनिया में ...और पढ़ें

कैमूर के घरों में होगी पीएनजी की आपूर्ति। सांकेतिक तस्वीर
जागरण संवाददाता, भभुआ। बिहार में पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) गैस वितरण नेटवर्क के विस्तार की दिशा में अब कैमूर जिले में भी गतिविधियां तेज हो गई हैं।
शहर में घरों तक पाइपलाइन के माध्यम से रसोई गैस पहुंचाने की तैयारी को लेकर संबंधित कंपनी की ओर से काम शुरू कर दिया गया है।
सड़क किनारे लंबे समय से रखे पाइप अब जमीन में बिछाने की प्रक्रिया के साथ परियोजना को गति मिलना शुरु हो गया है।
सुरक्षित और सस्ता होगा पीएनजी
शहर में पीएनजी नेटवर्क विकसित होने के बाद लोगों को सिलेंडर आधारित रसोई गैस के विकल्प के रूप में पाइपलाइन से प्राकृतिक गैस उपलब्ध हो सकेगी।
संभवत: अगले माह सितंबर में मोहनियां व अक्टूबर माह में भभुआ नगर के लोगों के घरों तक पीएनजी की सप्लाई शुरू हो जाएगी।
बता दें कि बिहार में पीएनजी और सिटी गैस वितरण नेटवर्क की शुरुआत 17 फरवरी 2019 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा की गई थी।
कैमूर में पीएनजी परियोजना को लेकर पिछले काफी समय से सड़क किनारे पाइप रखे दिखाई दे रहे थे। लंबे समय तक खुले में पड़े रहने के कारण कई पाइपों की बाहरी सतह पर जंग के निशान भी दिखाई देने लगे थे।
इससे लोगों में यह सवाल उठ रहा था कि आखिर इन पाइपों को कब जमीन के अंदर बिछाया जाएगा और शहर में पीएनजी की आपूर्ति कब शुरू होगी।
लेकिन अब संबंधित कंपनी की ओर से पाइपलाइन नेटवर्क बिछाने का काम तेज किए जाने से परियोजना के धरातल पर आगे बढ़ने लगी है।
सड़क किनारे से घरों तक पहुंचेगा नेटवर्क
कैमूर में काम पूरा होने के बाद चरणबद्ध तरीके से शहर के विभिन्न इलाकों में पीएनजी कनेक्शन पहुंचाने की दिशा में आगे की प्रक्रिया शुरू हो सकती है।
पीएनजी कनेक्शन मिलने के बाद उपभोक्ताओं को रसोई गैस के लिए बार-बार सिलिंडर बुक कराने, उसकी डिलीवरी का इंतजार करने और सिलेंडर को घर तक पहुंचाने की परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है।
पीएनजी को घरों तक पहुंचाने के लिए विकसित किए जाने वाले नेटवर्क में सुरक्षा मानकों का पालन महत्वपूर्ण होगा। पाइपलाइन बिछाने के साथ गैस आपूर्ति से जुड़े उपकरण और मीटर भी लगाए जाएंगे।
उपभोक्ताओं के घरों तक कनेक्शन पहुंचने के बाद गैस की खपत के आधार पर बिलिंग की व्यवस्था होगी। इससे उपभोक्ताओं को गैस की वास्तविक खपत के अनुसार भुगतान करने की सुविधा मिल सकती है।
प्राकृतिक गैस के इस्तेमाल को मिलेगा बढ़ावा
पीएनजी नेटवर्क के विस्तार का उद्देश्य केवल घरों तक रसोई गैस पहुंचाना ही नहीं, बल्कि प्राकृतिक गैस के इस्तेमाल को बढ़ावा देना भी है।
प्राकृतिक गैस का उपयोग घरेलू क्षेत्र के अलावा होटल, रेस्टोरेंट, छोटे उद्योग और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में भी किया जा सकेगा।
पीएनजी नेटवर्क के विस्तार से आने वाले समय में कैमूर के लोगों को रसोई गैस आपूर्ति का एक नया और सुविधाजनक विकल्प मिलने की उम्मीद है।
मोहनिया अनुमंडल में सितंबर के अंतिम सप्ताह तक लगभग 4000 लोगों को तो वही भभुआ अनुमंडल क्षेत्र में अक्टूबर माह के अंतिम सप्ताह तक लगभग 6000 लोगों को पीएनजी गैस का सुविधा मिलना शुरू हो जाएगा। बाकी लोगों को गैस पाइप बचने के उपरांत गैस कनेक्शन मिलता रहेगा।
घनानंद, जिला आपूर्ति पदाधिकारी कैमूर
