हथियार के साथ मुखिया पति सहित तीन गिरफ्तार
कैमूर। जिले के पहाड़ी क्षेत्र अधौरा के जंगलों में पिछले कुछ दिनों से नक्सली गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए अधौरा थाना व सीआरपीएफ के द्वारा लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।
कैमूर। जिले के पहाड़ी क्षेत्र अधौरा के जंगलों में पिछले कुछ दिनों से नक्सली गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए अधौरा थाना व सीआरपीएफ के द्वारा लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अधौरा थाना क्षेत्र के बहेरा गांव में शुक्रवार की रात हुई छापेमारी में चार बंदूक व छह खोखा साथ तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इसमें बहेरा गांव के अमावस सिंह, भागवत सिंह व मुखिया पति कन्हई सिंह शामिल हैं।
इस बात की जानकारी एसपी दिलनवाज अहमद ने शनिवार को सदर थाना में आयोजित प्रेसवार्ता में दी। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ समय से लगातार अधौरा में नक्सली गतिविधि की सूचना मिल रही थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस व सीआरपीएफ जवान दोनों सतर्क थे और लगातार क्षेत्र में सर्च अभियान चला रहे थे। इसी क्रम में अधौरा थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली की बहेरा गांव में कुछ लोगों के पास हथियार है। इसको लेकर सीआरपीएफ जी 47 कंपनी के कंमाडर रविरंजन कुमार तथा अधौरा थानाध्यक्ष अमोद कुमार के नेतृत्व में बहेरा गांव में संयुक्त रूप से छापेमारी हुई। इसमें अमावश सिंह के पास से एक भराठ एक नाली बंदूक व एक एनपी बोर रायफल, भागवत सिंह के पास से एनपी बोर का एक रायफल व 315 बोर का छह खोखा तथा सारोदाग पंचायत के पूर्व मुखिया सह वर्तमान में मुखिया पति कन्हई सिंह के घर से एक एनपी बोर का रायफल बरामद हुआ। सूत्रों के मुताबिक मेटल डिटेक्टर के माध्यम से पुलिस ने छानबीन की तो हथियारों का पता चला। जांच में सभी हथियार अवैध मिले। छापेमारी में पकड़े गए तीनों लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर अधौरा थाना ले आई। सूत्रों के अनुसार उपरोक्त तीनों लोग अधौरा क्षेत्र में हो रहे सरकारी योजनाओं तथा सड़क निर्माण जैसे कामों में बंदूक का धौंस दिखाकर रंगदारी मांगने का काम करते थे। डर के मारे संवेदक या कोई बाद में कुछ भी नहीं कहता था।