लॉकडाउन में लोगों को किसी तरह की नहीं मिली छूट
कैमूर। लॉकडाउन की तीसरा चरण सोमवार से शुरू हुआ। कैमूर जिला औरेंज जोन में है। इसको लेकर लोगों में काफी उहापोह थी कि तीसरे चरण के लॉकडाउन में कुछ छूट मिलेगी लेकिन ऐसा हुआ नहीं।
कैमूर। लॉकडाउन की तीसरा चरण सोमवार से शुरू हुआ। कैमूर जिला औरेंज जोन में है। इसको लेकर लोगों में काफी उहापोह थी कि तीसरे चरण के लॉकडाउन में कुछ छूट मिलेगी लेकिन ऐसा हुआ नहीं। लॉकडाउन को लेकर पुलिस पूर्व की तरह काफी सख्त दिखी। नगर में बाइक या अन्य किसी वाहन के परिचालन को लेकर काफी सतर्कता बरती गई। इसमें राज्य सरकार के गाइड लाइन का पुरा अनुपालन कराया गया। हालांकि लॉकडाउन बढ़ने के चलते पूर्व के लॉकडाउन की तरह ही लोग इसका अनुपालन कर रहे हैं। फिर भी कुछ लोग घरों से बाहर निकले, लेकिन पुलिस जवानों ने उनसे भी लॉकडाउन का अनुपालन गाइडलाइन के अनुसार कराया।
नगर के जिन स्थानों को सील कर उन्हें जोन में बांटा गया है उन स्थानों पर पुलिस की सख्ती पूर्व की तरह ही रही। इस एरिया में कोई दुकान नहीं खुली और न ही किसी को बाहर निकलने दिया गया। कुछ लोग इस एरिया में प्रवेश करने का प्रयास किए लेकिन मौके पर मौजूद पुलिस जवानों ने उन्हें प्रवेश नहीं करने दिया। इसमें कुछ महिलाएं भी जाने की कोशिश की लेकिन महिला पुलिस जवानों ने उन्हें लौटा दिया। इसके चलते नगर में पूर्व की तरह लॉकडाउन का अनुपालन हुआ। सिर्फ लॉकडाउन का उल्लंघन बैंक शाखाओं में होते दिखा। यहां लॉकडाउन के पहले चरण से ही ऐसी स्थिति बनी हुई है। जिस पर रोक लगाने में बैंक प्रबंधन सहित जिला प्रशासन असफल रहा है।