गोदाम से हुआ उठाव, आज से कार्डधारियों को मिलेगा राशन
कैमूर। चांद प्रखंड के कार्डधारियों को निशुल्क मिलने वाले राशन का वितरण करने के लिए गोदाम से राशन का उठाव होने लगा है। शुक्रवार से कार्डधारियों को राशन मिलना शुरू हो जाएगा।
कैमूर। चांद प्रखंड के कार्डधारियों को निशुल्क मिलने वाले राशन का वितरण करने के लिए गोदाम से राशन का उठाव होने लगा है। शुक्रवार से कार्डधारियों को राशन मिलना शुरू हो जाएगा। बीडीओ रवि रंजन ने कहा कि राशन वितरण की मानिटरिग होगी। प्रखंड में कुल राशन कार्डधारी 10958 एवं अंतोदय कार्डधारी 3485 हैं। इन्हीं कार्डधारकों को ही राशन मिलेगा। जानकारी के अनुसार प्रति यूनिट तीन किलो चावल एवं दो किलो गेहूं के अलावा पांच किलो चावल निशुल्क अलग से मिलेगा। लेकिन प्रखंड में ऐसे बहुत से गरीब हैं जिन्हें राशन कार्ड नहीं है। जो भुखमरी के कगार पर है। कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए लगाए गए लॉकडाउन से सभी गरीब परिवार के सामने खाने की समस्या उत्पन्न हो गई है। जिला प्रशासन ने इन्हें राशन देने के लिए अलग से सूची बनाई थी।लेकिन इस बार उन्हें राशन नहीं मिल पाएगा। जगरानी कुंअर, मीना कुंअर जैसे दर्जनों परिवार के सामने गंभीर संकट खड़ा हो गया है। इस संबंध में खाद्य आपूर्ति अधिकारी सरोज कुमार ने बताया कि अभी राशन कार्डधारी को राशन दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सूची वाले ग्रामीणों को राशन आने के बाद दिया जाएगा।