लॉकडाउन का अनुपालन कराने में सुस्त हुआ प्रशासन
कैमूर। लाकडाउन की अवधि समाप्त होने में मात्र छह दिन शेष बच गए हैं। लेकिन फिलहाल लॉकडाउन को लेकर प्रशासन शिथिलता बरतने लगा है। इसके चलते लॉकडाउन का अनुपालन लोग नहीं कर रहे हैं।
कैमूर। लाकडाउन की अवधि समाप्त होने में मात्र छह दिन शेष बच गए हैं। लेकिन फिलहाल लॉकडाउन को लेकर प्रशासन शिथिलता बरतने लगा है। इसके चलते लॉकडाउन का अनुपालन लोग नहीं कर रहे हैं। सुबह शाम टहलने के नाम पर काफी संख्या में लोग सड़क पर निकल जा रहे हैं। कुछ जगहों पर तो देर शाम तक लोग बैठकर आपस में चर्चा करते नजर आ रहे हैं। जगह-जगह तैनात पुलिस जवान भी लोगों से लॉकडाउन का अनुपालन कराने में विफल हो रहे हैं। शिफ्टवार ड्यूटी कर रहे पुलिस जवान भी लोगों को सड़क पर घूमने से रोक नहीं पा रहे हैं। जबकि लॉकडाउन लगने के बाद शुरुआती दौर में जिला प्रशासन द्वारा सख्ती बरती गई। बेवजह बाहर निकलने वाले लोगों को दंडित भी किया गया। लेकिन बुधवार को भभुआ नगर सहित अन्य प्रखंडों में भी लॉकडाउन का उल्लंघन होता दिखा। दो या चार पहिया वाहनों से लोग आते जाते दिखे। इसमें शारीरिक दूरी का अनुपालन भी किसी के द्वारा नहीं किया जा रहा। एक बाइक पर तीन तीन लोग बैठ कर आ जा रहे हैं। हालांकि वाहन लेकर सड़क पर निकलने वाले लोगों की संख्या बहुत कम है। लेकिन भभुआ नगर के वार्डों में रहने वाले लोग सुबह और शाम बाजार में निकल ही जा रहे हैं। जबकि जिला प्रशासन के स्तर से आवश्यक सामग्रियों की होम डिलीवरी भी कराई जा रही है। साथ ही सब्जी बिक्री के लिए ठेला वालों को वार्डों में भेजा जा रहा है। लेकिन लोग सड़क पर निकलने से बाज नहीं आ रहे। इसके चलते कोरोना संक्रमण की रोकथाम को लेकर किया जा रहा प्रयास सफल होता नहीं दिख रहा।
----
इंसेट-
बैंकों में राशि निकासी को काफी संख्या में पहुंच रहे लोग
जासं, भभुआ: जिला मुख्यालय भभुआ नगर में स्थित विभिन्न बैंक शाखाओं व ग्राहक सेवा केंद्रों में राशि निकासी के लिए प्रतिदिन काफी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। लॉकडाउन के चलते उत्पन्न समस्या में पैसों की जरूरत सभी लोगों को है। इसके चलते सभी बैंकों में लोगों की भीड़ दिख रही है। इस दौरान लोग लॉकडाउन का अनुपालन भी नहीं कर रहे। यह देख पुलिस जवानों को बैंक आना पड़ रहा है। पुलिस जवान लोगों को लाइन में लगाते हुए शारीरिक दूरी बनवा रहे हैं। बता दें कि इन दिनों सरकार द्वारा विभिन्न योजनाओं की राशि लोगों के खाते में भेजी जा रही है। इसमें सबसे अधिक जन धन योजना के लाभुक बैंकों में पहुंच रहे हैं। जिसके चलते बैंकों में भीड़ हो रही है।