जिले में लॉकडाउन सफल बनाने को पुलिस ने कड़े किए तेवर
कैमूर। लॉकडाउन का अनुपालन कराने को लेकर पुलिस ने अपने तेवर पहले से कुछ कड़े कर लिए हैं। जिला मुख्यालय भभुआ नगर सहित सभी प्रखंड मुख्यालयों में लॉकडाउन का अनुपालन कराने के लिए पुलिस जवान सुबह से लेकर देर रात तक ड्यूटी दे रहे हैं।
कैमूर। लॉकडाउन का अनुपालन कराने को लेकर पुलिस ने अपने तेवर पहले से कुछ कड़े कर लिए हैं। जिला मुख्यालय भभुआ नगर सहित सभी प्रखंड मुख्यालयों में लॉकडाउन का अनुपालन कराने के लिए पुलिस जवान सुबह से लेकर देर रात तक ड्यूटी दे रहे हैं। ड्यूटी पर तैनात पुलिस जवान लॉकडाउन के दौरान बाहर घूमने वालों पर सख्ती बरत रहे हैं। इसमें महिला पुलिस जवानों की भूमिका भी सराहनीय है। पुरुष पुलिस जवानों के साथ महिला पुलिस जवान भी अपनी ड्यूटी को ईमानदारी पूर्वक निभाते हुए दिख रही हैं। शुक्रवार को महिला पुलिस जवानों द्वारा उन बाइकों को रोककर पूछताछ की गई जिस पर कोई महिला बैठी हो। बाइक पर बैठी महिला से लॉकडाउन के दौरान बाहर निकलने का कारण भी पूछी। साथ ही जो बाइक चालक बिना हेलमेट के मिले उन्हें कान पकड़वा कर दोबारा हेलमेट पहनकर बाइक चलाने की शपथ दिलाई। पीछे बैठी महिलाओं को भी हेलमेट पहनकर ही बाइक चलाने के लिए परिवार के सदस्यों को जागरूक करने की बात महिला पुलिस जवानों ने कही।
उधर नगर के एकता चौक पर सीओ अजय कुमार श्रीवास्तव ने पुलिस जवानों के साथ ऐसे बाइक चालकों को पकड़ कर दंडित किए जो बिना कार्य के बाहर निकले थे। सीओ व पुलिस जवानों ने लगभग आधा दर्जन बाइक चालकों को नगर के एकता चौक पर ऊठक-बैठक कराई और बिना कार्य के घर से नहीं निकलने की चेतावनी दी। प्रशासनिक पदाधिकारी व पुलिस जवानों के कड़े तेवर को देख कई बाइक चालक अपना रास्ता बदल कर घर की तरफ भागे। हालांकि पुलिस जवानों द्वारा दवा लेने वाले या किसी किराना दुकान पर जाने वाले लोगों को नहीं रोका गया लेकिन बिना हेलमेट के बाइक चलाने वाले लोगों को रोककर दंडित किया गया।
हालांकि सुबह-शाम लोग आवश्यक सामग्रियों की खरीदारी करने के लिए बाजार में निकल ही जा रहे हैं। फिर भी लोग शारीरिक दूरी बनाकर रहने के सुझाव पर अमल कर रहे हैं। नगर के वार्ड में भी लोग गलियों में कम निकल रहे हैं। आवश्यक कार्य से ही किसी को बाहर निकलते देखा जा रहा है।