जापानी अतिथियों का मोहनियां में स्वागत
विश्व शांति स्तूप राजगीर के 50वें वार्षिकोत्सव में शरीक होने जा रहे जापानी अतिथियों का दल बुधवार को मोहनियां के कैमूर विहार होटल पहुंचा।
विश्व शांति स्तूप राजगीर के 50वें वार्षिकोत्सव में शरीक होने जा रहे जापानी अतिथियों का दल बुधवार को मोहनियां के कैमूर विहार होटल पहुंचा। जहां उनका होटल के मैनेजर नलिन कुमार सिंहा व कर्मियों ने भव्य स्वागत किया गया। जीटी रोड की बदहाली से मेहमान नाखुश दिखे। कहा कि गत वर्ष भी उन्हें इस समस्या का सामना करना पड़ा था। यह महत्वपूर्ण राष्ट्रीय राजमार्ग है। जिसमें गड्ढों की भरमार है। वाहन हिचकोले खाते हुए चलते हैं। सरकार को इस पर ध्यान देना चाहिए।
ज्ञात हो की विश्व शांति स्तूप राजगीर के 50 वें वार्षिकोत्सव कार्यक्रम में शामिल होने के लिए राजगीर बुद्ध विहार सोसायटी द्वारा जापानी बौद्ध भिक्षुओं एवं अन्य मेहमानों को आमंत्रित किया गया है। मेहमानों के सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए पर्यटन निदेशालय एवं पर्यटन निगम ने दो संपर्क पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की थी। जिसमें सूर्यकेतु दास एवं सुमन कुमार का नाम शामिल था। दोनों संपर्क पदाधिकारी उत्तर प्रदेश व बिहार की सीमा पर कैमूर जिला में कर्मनाशा नदी पर बने पुल के समीप जापानी मेहमानों का स्वागत किया। उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग की बस में सवार 22 जापानी मेहमान मोहनियां के कैमूर विहार होटल पहुंचे।इनके साथ दिल्ली से चल रहे द्विभाषिया सुभाष गुप्ता ने बताया कि जापानी मेहमानों के दल का नेतृत्व इतो कर रहे हैं। बुधवार को जापानी मेहमानों का दल बोधगया में रुकेगा। गुरुवार को यह दल राजगीर के लिए प्रस्थान करेगा।