एनएच 30 पर बस व ट्रक की टक्कर में आधा दर्जन घायल
कैमूर। एनएच 30 पर कैथियां गांव के समीप गुरुवार को एक बस व ट्रक में हुई टक्कर में आधा दज
कैमूर। एनएच 30 पर कैथियां गांव के समीप गुरुवार को एक बस व ट्रक में हुई टक्कर में आधा दर्जन लोग घायल हुए। घायलों में बस व ट्रक के चालक सहित चार यात्री शामिल हैं। ट्रक चालक की स्थिति गंभीर बताई जाती है। सभी घायलों का रोहतास के परसथुआ में इलाज चल रहा है। कोहरे के कारण यह दुर्घटना हुई। दुर्घटना के कारण आधा घंटे तक एनएच 30 जाम रहा। पुलिस से पहले घटनास्थल पर ग्रामीण पहुंचे। घायलों को निकालकर फौरन परसथुआ के निजी क्लीनिक में भर्ती कराया। जेसीबी के सहयोग से दोनों वाहनों को अलग किया गया। इनके बाद वाहनों का परिचालन सामान्य हुआ। ट्रक व बस का अगला हिस्सा काफी क्षतिग्रस्त हो गया था।
जानकारी के अनुसार गुरुवार को सुबह भभुआ से एक बस (बीआर 01पी 1217) पटना जा रही थी। संयोग बस कोहरे व ठंड के कारण बस में एक दर्जन से भी कम यात्री थे। एनएच 30 पर जैसे ही बस कैथियां गांव के समीप पहुंची कोहरे के कारण बस की गति धीमी थी, तभी कोचस की तरफ से तेज गति से आ रहे ब्रान लदे एक ट्रक (बीआर 01जीडी 6036) से बस की जोरदार टक्कर हो गई। जिससे दोनों वाहनों का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना में दोनों वाहनों के चालकों के अलावा चार यात्रियों को चोट आई। ट्रक चालक को गंभीर चोट लगी। दुर्घटना के बाद घायलों की चीख पुकार सुनकर अगल बगल के लोग दौड़ पड़े। वाहनों में फंसे घायलों को निकालकर फौरन समीप के परसथुआ स्थित निजी क्लिनिक में इलाज के लिए पहुंचाया। दोनों वाहनों की बीच सड़क पर टक्कर के कारण कुछ देर तक एनएच 30 जाम हो गया। जेसीबी की मदद से बस व ट्रक को अलग किया गया। दुर्घटना के बाद एक बार फिर थाना क्षेत्र का विवाद सामने आया। दुर्घटना स्थल रोहतास व कैमूर की सीमा पर था। कुदरा थाना पुलिस ने मोहनियां थाना क्षेत्र कहकर पल्ला झाड़ लिया।इसके बाद मोहनियां के थानाध्यक्ष राम कल्याण यादव ने पुलिस पदाधिकारी को पुलिस बल के साथ दुर्घटनास्थल पर भेजा। तबतक घायल वहां से इलाज के लिए जा चुके थे।दोनों वाहनों को भी अलग अलग कर दिया गया था। इस संबंध में पूछे जाने पर थानाध्यक्ष ने बताया की घायलों के बारे में जानकारी नहीं मिल पाई है। अगर कोई यात्री दुर्घटना का मामला दर्ज नहीं कराएगा तो चौकीदार के बयान पर मामला दर्ज किया जाएगा। ज्ञात हो की एक जनवरी की शाम कैथियां गांव के समीप ही ट्रैक्टर व कार की भीषण टक्कर में एक निजी विद्यालय के संचालक सहित पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी। यह स्थल दुर्घटना जोन बन चुका है। कोहरे के कारण दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है।