शिक्षक की आत्महत्या के मामले में तीन पर प्राथमिकी
भतीजा ने बताया है कि उसके चाचा ने 2011 में उसे गोद लिया था। उनकी शादी वर्ष 2009 में बरूणा थाना भभुआ के मुख्तार अंसारी की लड़की से हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद से ही दोनों के बीच अनबन हो गई।
जासं, भभुआ : स्थानीय थाना क्षेत्र के खनांव गांव निवासी अफजल अंसारी ने बीते दिनों 24 नवंबर को आत्महत्या कर ली। इस मामले में उनके भतीजा इरफान अंसारी ने भभुआ थाने में प्राथमिकी कराई है। उन्होंने आवेदन में लिखा है कि 24 नवंबर की सुबह सूचना मिली की भभुआ नगर के वार्ड नंबर दस छावनी मोहल्ला में किराये के मकान में रहने वाले चाचा ने आत्महत्या कर ली है। जब वहां पहुंचा तो वहां पुलिस पहले से मौजूद थी।
शव को नीचे उतार कर रखा गया था। भतीजा ने बताया है कि उसके चाचा ने 2011 में उसे गोद लिया था। उनकी शादी वर्ष 2009 में बरूणा थाना भभुआ के मुख्तार अंसारी की लड़की से हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद से ही दोनों के बीच अनबन हो गई। लगभग 12 वर्ष से दोनों अलग रह रहे थे। चाचा की दूसरी शादी 28 नवंबर, 2022 को ही होने वाली थी।
इसके चलते पहली पत्नी व उनके भाई हसामुद्दीन अंसारी व कयामुद्दीन अंसारी चाचा से दूसरी शादी करने से पहले एक लाख 90 हजार रुपये के लिए दबाव बना रहे थे। साथ ही पैसा नहीं देने पर जान से मारने की धमकी देते थे। इससे परेशान होकर चाचा ने आत्महत्या कर ली। इस संबंध में भभुआ थानाध्यक्ष रामानंद मंडल ने कहा कि आवेदन के आलोक में प्राथमिकी कर आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किया जा रहा है।