फैक्ट्री में गैस टैंक की सफाई के दौरान दम घुटने से कर्मी की मौत
बिहार के कैमूर जिले में गैस का टैंक साफ करते समय दम घुटने से एक कर्मी की मौत हो गई। उसे बचाने गए दो अन्य कर्मियों की हालत भी गंभीर बनी हुई है।
कैमूर [जेएनएन]। बिहार के कैमूर जिले के दुर्गावती में बुधवार की सुबह पांच बजे भेरिया रोड पर कुल्हडिय़ा मौजा में अमित सालवेक्स कंपनी में गैस का टैंक साफ करते समय दम घुटने से एक कर्मी की मौत हो गई। उसे बचाने गए दो अन्य कर्मियों की हालत भी गंभीर है। मृतक संगम कुमार सिंह उर्फ गोलू (25) भेरियां गांव के स्व. नरेंद्र सिंह का पुत्र था।
वहीं गंभीर कर्मियों में उमेश कुमार, रोहतास जिले के मलियाबाग और महेंद्र कुमार गुप्ता यूपी के गोरखपुर जिले का निवासी है। दोनों का इलाज चंदौली के निजी अस्पताल में चल रहा है। घटना के बाद मजदूरों ने परिसर में शव को रखकर मुआवजा देने की मांग की और कामकाज ठप कर दिया।
काफी देर बाद स्थानीय विधायक अशोक कुमार सिंह, फैक्ट्री के मालिक चंद्र प्रकाश अग्रवाल व थानाध्यक्ष पहुंचे। ग्रामीणों से वार्ता शुरू हुई। जब मृतक के परिजनों को मुआवजा के रूप में 14,25000 रुपए का चेक तथा उसके छोटे भाई को नौकरी देने का लिखित आश्वासन मिला तब मजदूरों ने शव को उठने दिया।
अमित सालवेक्स में वनस्पति घी तैयार किया जाता है। कंपनी आबादी से दो किलोमीटर की दूरी पर व जीटी रोड से 100 मीटर दक्षिण स्थित है। कंपनी 2008 से शुरू हुई है। मृतक के परिवार में कैंसर पीडि़त मां और छोटा भाई है। उसके पिता की दो साल पहले ही मौत हो चुकी है।