दीपावली की खरीदारी करने के लिए बाजार में बढ़ी भीड़
आगामी 27 अक्टूबर को दीपावली का पर्व मनाया जाएगा। इसको लेकर जिले में उत्साह का माहौल है।
आगामी 27 अक्टूबर को दीपावली का पर्व मनाया जाएगा। इसको लेकर जिले में उत्साह का माहौल है। दीपावली पर्व में घरों सहित दुकानों की सफाई आदि का कार्य लगभग पूरा कर लिया गया है। अब लोग घरों में मां लक्ष्मी व भगवान गणेश की पूजा अर्चना करने को लेकर तैयारी कर रहे हैं। वहीं दीपावली पर्व में लोगों की मांग के अनुसार व्यवसायियों ने भी अपनी-अपनी दुकान लगा दी है। भभुआ नगर में गुरुवार को बाजार की संख्या काफी बढ़ गई।
नगर के मुख्य सड़क के किनारे लगातार दुकानें लग गई है। जहां दीपावली पर्व में उपयोग में लाई जाने वाली सभी सामग्रियों की बिक्री हो रही है। जहां मां लक्ष्मी, भगवान गणेश की मिट्टी की छोटी मूर्ति से लेकर सामान्य साइज की मूर्ति है। इसके अलावा इलेक्ट्रानिक लाइटों से सजी मूर्तियों की मांग भी काफी अधिक है। वहीं घरों को सजाने के लिए लोग झालर-बत्ती, लाइट आदि की खरीदारी भी कर रहे हैं। वहीं इन बिजली लाइटों की बिक्री दुकानों पर होने से पूरा बाजार गुलजार हो गया है। शाम होते ही बाजार में तरह-तरह की लाइटें जल रही है। इससे पूरा बाजार जगमग हो रहा है। नगर के एकता चौक से लेकर पटेल चौक और भभुआ-मोहनियां पथ पर दोनों तरफ दुकानों के लगने से सड़क पर आने-जाने के लिए जगह काफी कम बची है। इसके चलते भभुआ नगर में जाम की समस्या गंभीर हो गई है। मिट्टी के दीये की मांग बढ़ी- भभुआ नगर में गुरुवार से मिट्टी के दीये भी बाजार में बिकने लगे हैं। मिट्टी के दीये बनाने वाले लोग बाजार में गुरुवार को दीये लेकर बिक्री के लिए पहुंच गए। जहां लोग दीये खरीदते हुए नजर आए। हालांकि अभी भभुआ नगर सहित आसपास के गांवों के लोग खरीदारी करने के लिए नहीं आ रहे हैं। लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों के लोग व जो गांवों में दुकान खोले हुए हैं वैसे दुकानदार काफी अधिक संख्या में बाजार करने आ रहे हैं। जो थोक के भाव में खरीद कर गांवों में बिक्री करने के लिए ले जाएंगे। दुकानदारों ने बताया कि अभी नगर के लोग बाजार करने कम आ रहे हैं। नगर सहित आसपास के लोग 26 अक्टूबर को बाजार करने के लिए पहुंचते हैं। हर साल भी यही होता है। दीपावली से एक दिन पूर्व लोगों की खूब भीड़ खरीदारी करने के लिए होती है। उस दिन देर रात तक भभुआ बाजार लोगों की भीड़ से गुलजार रहता है।