एनआरसी व सीएए के विरोध में सड़क व रेल चक्का जाम
भभुआ में कई पार्टी के कार्यकर्ताओं ने एकता चौक पर सड़क जाम कर किया प्रदर्शन - विधि व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन रहा मुस्तैद जागरण टीम भभुआ/ मोहनियां एनआरसी व सीएए के विरोध में जन अधिकार पार्टी के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को विरोध प्रदर्शन करते
एनआरसी व सीएए के विरोध में जन अधिकार पार्टी के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को विरोध प्रदर्शन करते हुए रेल व सड़क जाम किया। पार्टी द्वारा आयोजित बिहार बंद कार्यक्रम का नेतृत्व भभुआ के पूर्व विधायक रामचंद्र यादव ने किया। इसी क्रम में जिला मुख्यालय भभुआ नगर के एकता चौक पर पूर्व विधायक की पत्नी नीतू सिंह यादव व राम चंद्र यादव तथा कार्यकर्ताओं द्वारा सड़क जाम किया गया। सड़क जाम करने के चलते एकता चौक से होकर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। इससे लोग खादी भंडार वाली गली से होकर भभुआ-मोहनियां पथ पर निकले। जाम के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के विरोध में जम कर नारेबाजी किए। विधि व्यवस्था को देखते हुए पुलिस ने रामचंद्र यादव को हिरासत में ले लिया। यातायात व्यवस्था सामान्य होने के बाद उन्हें रिहा किया गया। वहीं मोहनियां नगर के आर्यावर्त होटल से निकलकर पंडित दीनदयाल उपाध्याय-गया रेलखंड पर अवस्थित भभुआ रोड स्टेशन कार्यकर्ता पहुंचे। जहां अजमेर सियालदह एक्सप्रेस को रोका। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ता रेल ट्रैक पर खड़ा होकर केंद्र सरकार विरोधी नारे लगा रहे थे। बंद को लेकर पुलिस प्रशासन मुस्तैद रहा। स्टेशन पर तैनात जीआरपी, आरपीएफ के अलावा स्थानीय थाना पुलिस ने बंद समर्थकों को रेल ट्रैक से हटाया। इसके बाद जाप कार्यकर्ता स्टेशन रोड मोड के सामने जीटी रोड पर पहुंचे। वहां कुछ देर तक वाहनों को रोका। फिर बंद समर्थक चांदनी चौक पहुंचे। जहां सड़क पर बैठकर कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया। इस दौरान जाम में स्कूली बसें भी फंसी थीं। जिससे बच्चों को परेशानी हुई। सभा के दौरान रामचंद्र यादव ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार यह कानून बनाकर देश के साथ छल किया है। यह संविधान विरोधी है। इससे लोकतंत्र का भला नहीं होने वाला है। केंद्र सरकार इसे वापस ले नहीं तो जन अधिकार पार्टी पप्पू यादव के नेतृत्व में कोई भी कुर्बानी देने को तैयार है। बंद कार्यक्रम में पार्टी कार्यकर्ता रामविलास पासवान, रौशन यादव, बृज मोहन यादव, हुकुमदेव यादव, पारस पासवान, विपिन सिंह, बबलू, रजनीश शाहरुख नवाज, राजेंद्र यादव, बंगाली पासवान, सुनील सेठ, हाकिम यादव, डीके राजा सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे। वहीं कांग्रेस, भाकपा माले, कम्युनिस्ट पार्टी के कार्यकर्ताओं ने भी भभुआ नगर में सड़क मार्च कर एकता चौक पर सड़क जाम किया। विभिन्न पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा सड़क जाम करने से लगभग दोपहर तक भभुआ नगर में यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित रही। लोग नगर के विभिन्न वार्डों की गलियों से होकर आते-जाते रहे।