बाढ़ से हुई क्षति की वास्तविक जानकारी प्राप्त कर रहे डीएओ
प्रखंड क्षेत्र में बाढ़ की विभीषिका का दंश झेलने वाले किसानों को राहत दिलाने की कोशिश शुरू हो गई है।
प्रखंड क्षेत्र में बाढ़ की विभीषिका का दंश झेलने वाले किसानों को राहत दिलाने की कोशिश शुरू हो गई है। शनिवार को जिला कृषि पदाधिकारी ललिता प्रसाद ने प्रखंड कृषि पदाधिकारी सत्येंद्र प्रसाद सिंह को लेकर बाढ़ से हुई क्षति का आकलन किया। डीएओ ने प्रखंड क्षेत्र के दो पंचायतों के तीन स्थानों पर जाकर बाढ़ से नष्ट हुई फसल को देखा तथा मौजूद बीएओ को इस दिशा में कार्रवाई करने के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिया।
इसके अलावा डीएओ ने कृषि विभाग के कार्यालय में बैठक कर रामगढ़ विधानसभा क्षेत्रों के तीनों प्रखंडों की मॉनीटरिग किया। एक एक एसएमएस व किसान सलाहकारों से आनलाइन की जानकारी ली तथा देरशाम तक रिपोर्ट जिला को सौंपने का निर्देश बीएओ सत्येंद्र प्रसाद सिंह को दिया।
बता दें कि रामगढ़ प्रखंड से डेढ़ करोड़ की फसल बाढ़ से क्षतिपूर्ति की रिपोर्ट जिला को भेंजा गया था। किसानों में इससे गहरी नराजगी देखी गई थी। जिसको लेकर विधायक अशोक कुमार सिंह ने चार दिन पहले कृषि विभाग के सभी पदाधिकारियों के साथ रामगढ़ में बैठक कर आवश्यक दिशा निर्देश जारी किया था तथा जिला कृषि पदाधिकारी को स्वयं मॉनीटरिग करने की बात कही थी। इसके मद्देनजर इन अधिकारियों ने सर्वे का कार्य शुरू कर दिया है। डीएओ ललीता प्रसाद ने बताया कि खरीफ, भदई, सब्जी तथा पेड़ पौधे की भी क्षतिपूर्ति की रिपोर्ट भेजी जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि मोहनियां प्रखंड के भिरखिरा, भटौली, बरहियां, पनसेरवां, दियां व सराय भोखरी आदि गांव को भी इसके लिए चिह्नित किया गया है। संबंधित कर्मचारी सर्वे रिपोर्ट देने में कोताही बरते तो उन पर कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी। जांच के दौरान नरहन जमुरना पंचायत के मुखिया डॉ. संजय सिंह भी मौजूद रहे।