बाजार में अतिक्रमण के चलते परेशानी का सामना कर रहे आमलोग
भभुआ जिला मुख्यालय भभुआ नगर में अतिक्रमण की समस्या कम नहीं हो रही है। इसके चलते आमलोगों को काफी परेशानी हो रही है। आगामी सात अक्टूबर से दुर्गा पूजा शुरू हो रहा है।
भभुआ: जिला मुख्यालय भभुआ नगर में अतिक्रमण की समस्या कम नहीं हो रही है। इसके चलते आमलोगों को काफी परेशानी हो रही है। आगामी सात अक्टूबर से दुर्गा पूजा शुरू हो रहा है। इसके चलते बाजार में लोगों की भीड़ भी बढ़ रही है। तरह-तरह के कार्य को लेकर भभुआ बाजार भी आते हैं। पंचायत चुनाव का भी समय चल रहा है। इसके चलते भी ग्रामीण क्षेत्र के लोग अपने कार्य से भभुआ आ रहे हैं जो खाली समय में बाजार में ही मौजूद रहते थे। लेकिन अतिक्रमण के चलते उन्हें कहीं खड़ा होना भी मुश्किल हो रहा है। दुर्गा पूजा के चलते नगर में जगह-जगह पंडाल बन रहा है। इसके अलावा ई-रिक्शा व फल तथा सब्जी की दुकानों के सड़क के किनारे काफी जगह में खड़ा होने से सड़क काफी संकीर्ण हो जा रही है। इसके चलते सड़क किनारे लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। सबसे बड़ी समस्या भभुआ नगर में वाहन स्टैंड की है। कहीं वाहन स्टैंड नहीं होने से लोग सड़क पर ही वाहन खड़ा कर रहे हैं। इसमें दो पहिया वाहनों की संख्या सबसे अधिक है। इसके चलते सड़क किनारे भी जगह नहीं बच रही। मुख्य नाला पर फुटकर दुकानदारों का कब्जा है। इसके चलते मुख्य नाला पर भी आने-जाने में लोगों को परेशानी होती है। सड़क पर अतिक्रमण से व्यवसायियों को भी काफी परेशान हो रही है। अतिक्रमण से दुकानों पर ग्राहकों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। इससे व्यवसाय भी प्रभावित हो रहा है। नगर के लोगों के अलावा व्यवसायियों ने भी नगर परिषद से सड़क से अतिक्रमण हटवाने की मांग की है।