विश्व के सबसे धनी व्यक्ति बिल गेट्स को भी भाता है बिहार, जानिए क्यों कहा सीएम नीतीश ने
बिहार के सीएम नीतीश कुमार जल जीवन हरियाली यात्रा कार्यक्रम में कैमूर पहुंचे। वहां उन्होंने कहा कि विश्व के सबसे धनी व्यक्ति बिल गेट्स को भी बिहार भाता है।
कैमूर, जेएनएन। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा विश्व के सबसे धनी व्यक्ति बिल गेट्स को भी बिहार भाता है, वो जब भी पटना आते हैं, बिहार की प्रशंसा करते हैं। सीएम ने कहा कि बिहार की पहचान अब देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी बन गई है। यहां के कार्यों से सभी देश ही नहीं विदेश के लोग भी प्रभावित हैं।
सीएम नीतीश कुमार मंगलवार को जल जीवन हरियाली यात्रा के दौरान कैमूर पहुचे, वहां मां मुंडेश्वरी धाम परिसर में मंगलवार को आयोजित जल जीवन हरियाली सम्मेलन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ये बातें कहीं।
नीतीश कुमार ने कहा कि बिल गेट्स जब पटना आए और उन्हेंजब जल जीवन हरियाली अभियान के बारे में बताया गया तो वे इस अभियान से बहुत प्रभावित हुए। जब उन्हें इस अभियान के बारे में पूरी जानकारी दी गई तो उन्होंने इसे सबसे अलग और सभी के लिए महत्वपूर्ण बताया। जब वो पटना से गए तो उन्होंने विदेशों में भी इस अभियान के बारे में लोगों को बताया।
सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार में शराबबंदी होने से इस अभियान को लेकर कई राज्य इससे बहुत प्रभावित हैं और इस अभियान को अपने राज्य में भी लागू करना चाहते हैं। इस अभियान के बारे में जब राजस्थान सरकार को पता चला तो वहां की एक टीम बिहार आई और अभियान से संबंधित जानकारी लेकर गई है।
नीतीश कुमार ने कहा कि वहां से आई टीम से मैंने कह दिया कि यहां से किसी को अब साथ लेने की जरूरत नहीं। आप स्वयं बिहार के जिलों में जाइए और शराबबंदी के बारे में जानकारी लीजिए। तब टीम कई जगहों पर गई और शराबबंदी का जो समर्थन गांवों में मिला उसे देख कर राजस्थान की टीम काफी प्रभावित हुई।
आज स्थिति यह हो गई है कि बिहार देश के अन्य राज्यों का अगुआ हो गया है। जो काम बिहार में शुरू होता है उसे बाद में सभी राज्य अपनाते हैं। चाहे वो हर घर बिजली हो या नल जल योजना।
उन्होंने मंच से ही जिले के लोगों का धन्यवाद देते हुए कहा कि यह सब बिहार में बदलाव आपलोगों के सहयोग से ही हुआ है। आपलोगों ने वर्ष 2005 से ही काम करने का मौका दिया है। आपलोगों का विश्वास मुझ पर है उसपर मैं खरा उतरने का प्रयास हमेशा कर रहा हूं।