छठ घाटों पर सुरक्षा को लेकर वाच टावर से होगी निगरानी
लोकआस्था के महापर्व छठ के मौके पर घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम होंगे। छठ घाटों की व्यवस्था को अंतिम रूप देने में प्रशासनिक पदाधिकारी लगे हुए हैं।
लोकआस्था के महापर्व छठ के मौके पर घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम होंगे। छठ घाटों की व्यवस्था को अंतिम रूप देने में प्रशासनिक पदाधिकारी लगे हुए हैं। पूजा समितियां रास्ते की सफाई के साथ सजावट में जुटी हैं। सड़क से छठ घाट तक रंग बिरंगी रोशनी से जगमग होगा। मंगलवार को कैमूर के डीएम डॉ. नवल किशोर चौधरी व एसपी दिलनवाज अहमद ने छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान मोहनियां के एसडीएम शिव कुमार राउत, डीसीएलआर नुरुल ऐन, डीएसपी रघुनाथ सिंह, बीडीओ मनोज कुमार, सीओ राकेश कुमार सिंह, नगर पंचायत के मुख्य पार्षद प्रतिनिधि शिवजी व कर्मी उपस्थित रहे। डीएम व एसपी ने दुर्गावती नदी घाट, बाबा जागेश्वर नाथ मंदिर तालाब, शारदा ब्रजराज उच्च विद्यालय तालाब घाट व डड़वां तालाब की व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान डीएम ने छठ व्रतियों की सुरक्षा को लेकर पदाधिकारियों को कई निर्देश दिया। कहा कि इस वर्ष अधिक बारिश के कारण तालाबों में पानी अधिक है। जिससे छठ व्रतियों को खतरा है। व्रती व उनके साथ आए लोग स्नान के दौरान गहरे पानी में न जाएं। पूजा समितियों को इस पर विशेष ध्यान देना होगा। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सभी घाटों पर गोताखोर तैनात रहेंगे। घाटों पर वाच टावर बनेगा। जहां से पुलिस के जवान व्यवस्था पर नजर रखेंगे। सभी घाटों पर अस्थायी शौचालय का निर्माण होगा। छठ घाटों पर गोताखोर तैनात रहेंगे। सभी तालाबों में बांस की बल्ली व तार का घेरा लगाया जाएगा। जिसमें लाल कपड़ा बंधा होगा। जो इस बात का संकेतक होगा कि आगे गहरा पानी है। समितियों के सदस्य प्रशासन से तालमेल बिठाकर छठ घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करेंगे। छठ घाटों के अगल-बगल में नंगे तार को ढ़कने के लिए डीएम ने पदाधिकारियों को निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि छठ घाटों पर अगर जेनरेटर की व्यवस्था है तो विद्युत आपूर्ति बंद रखी जाए। जिससे किसी अनहोनी को रोका जा सके। नंगे तार से खतरा हो सकता है। दुर्गावती नदी में अधिक पानी बह रहा था। जिसे देखकर डीएम ने तत्काल पानी बंद करने का निर्देश दिया। एसपी दिलनवाज अहमद ने कहा कि सभी छठ घाटों पर पुलिस के पदाधिकारी व जवान तैनात रहेंगे। असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए सादे लिबास में भी घाटों पर पुलिस की तैनाती होगी। जिसमें महिला पुलिस भी शामिल होंगी।जिला में पहली बार छठ घाटों पर वाच टावर बनाया जा रहा है। जहां पर तैनात पुलिस के जवान घाटों पर कड़ी नजर रखेंगे। छठ व्रतियों कि सुरक्षा में किसी तरह की कोई कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस संबंध में सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी व थानाध्यक्षों को निर्देश जारी किया गया है। छठ के मौके पर दिन रात पुलिस सड़क से लेकर छठ घाटों तक भ्रमण करती रहेगी। ग्रामीण क्षेत्रों में भी छठ घाटों पर सुरक्षा को लेकर प्रशासन गंभीर है।