चबूतरे पर बैठने को लेकर दो पक्षों में मारपीट व गोलीबारी से पांच घायल
जिले के सोनहन थाना क्षेत्र के ओदार गांव में शुक्रवार की सुबह पुरानी रंजिश व चबूतरे पर ब
जिले के सोनहन थाना क्षेत्र के ओदार गांव में शुक्रवार की सुबह पुरानी रंजिश व चबूतरे पर बैठने को लेकर दो पक्षों के बीच हुई गोलीबारी में एक व मारपीट में कुल पांच लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में गोली लगने से गंभीर श्यामलाल साह के पुत्र धर्मवीर गुप्ता व मारपीट में घायल स्व. गंगा साह के पुत्र मुंशी साह को सदर अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर कर दिया गया। तीसरे घायल भिक्खी साह के पुत्र भोला साह का सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं दूसरे पक्ष के रोहित व संदीप भी आंशिक रूप से घायल हो गए। जिनका इलाज स्थानीय स्तर पर चल रहा है। घटना की जानकारी होते ही एसपी दिलनवाज अहमद, एएसपी अभियान नीतीन कुमार, सदर एसडीपीओ अजय प्रसाद, सार्जेंट मेजर श्याम बिहारी राय, सर्किल निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह व भभुआ थानाध्यक्ष रामानंद मंडल, सोनहन थानाध्यक्ष शशि भूषण कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच स्थिति को नियंत्रण में ले लिया। वरीय पदाधिकारियों के समक्ष की गई छापेमारी में ओदार गांव निवासी विनय सिंह शराब के नशे में पाया गया। ब्रेथ इनलाइजर से जांच में शराब की पुष्टि हुई। साथ ही उसके घर से एक बोतल शराब भी बरामद हुई। छापेमारी में दोनों पक्ष के एक-एक घर से 315 बोर का एक खोखा व होलेस्टर भी बरामद किया गया। साथ ही दोनों पक्ष से दिए गए आवेदन के आधार पर दोनों पक्ष के कुल दस लोगों को हिरासत में भी लिया गया है। मौके पर पुलिस दस्ता के कैंप करने व घटनाक्रम की बनाई गई वीडियो के आधार पर घटना से जुड़े अन्य लोगों को चिह्नित किया जा रहा है। इसकी पुष्टि एसपी दिलनवाज अहमद ने की। हिरासत में लिए गए लोगों में प्रथम पक्ष के धनोहर गुप्ता, प्रदीप गुप्ता, रामप्रवेश कुमार साह व दूसरे पक्ष के कुंदन सिंह, रोहित कुमार सिंह चंदन कुमार सिंह, बिदा सिंह, अरूण कुमार सिंह व संदीप सिंह तथा नीरज सिंह शामिल हैं। घटना का कारण चबूतरे पर बैठने का विवाद बताया जा रहा है। ज्ञात रहे कि इसके पूर्व भी भोला साह व दूसरे पक्ष के लोगों के बीच होली पर्व के दौरान भी मारपीट हुई थी। जिसका थाना में समझौता हुआ था। बीते तीन मई को भी दोनों पक्षों में बकझक व गाली गलौज हुआ था। प्रथम पक्ष दूसरे पर दबंगई करने का भी आरोप लगा रहा है।