Ramgarh By Election Result 2024: रामगढ़ में BJP ने लहराया परचम, आरजेडी और बसपा को लगा झटका
Bihar By Election Result बिहार की रामगढ़ विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में भाजपा ने परचम लहरा दिया है। वहीं बसपा और आरजेडी को जोरदार झटका लगा है। जगदानंद सिंह ने राजद की टिकट से इस सीट से अपने बेटे को चुनावी मैदान में उतारा था लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। वहीं बसपा की तरफ से सतीश कुमार सिंह यादव को भी हार मिली है।

डिजिटल डेस्क, रामगढ़। रामगढ़ विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव (Ramgarh Bypoll Result 2024) के नतीजे सामने आ गए हैं। रामगढ़ विधानसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी के अशोक कुमार सिंह ने जीत दर्ज कर ली है। वहीं बसपा के सतीश कुमार सिंह यादव दूसरे स्थान पर रहे। जबकि, आरजेडी के अजीत कुमार सिंह तीसरे स्थान पर रहे।
मोहनियां: रामगढ़ विस उपचुनाव में चार साल बाद खिला कमल
स्थानीय कृषि उत्पादन बाजार समिति परिसर में शनिवार को 203 रामगढ़ विधानसभा उपचुनाव की मतगणना संपन्न हुई। इसमें भाजपा प्रत्याशी अशोक कुमार सिंह ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी बसपा प्रत्याशी सतीश कुमार सिंह यादव को 1362 मतों से हराया।
एनडीए प्रत्याशी को 62257 मत प्राप्त हुए। बसपा प्रत्याशी को 60895 मत मिले। इस तरह वर्ष 2015-2020 के चार साल बाद पुनः रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र में कमल खिला। इस जीत से एनडीए कार्यकर्ताओं का उत्साह चरम पर है।
बसपा की शुरू में जागी थी जीत की उम्मीद
मतगणना के शुरुआती रुझान से बसपा में जीत की उम्मीद जगी। पार्टी प्रत्याशी पांचवें राउंड तक 3113 मतों से आगे थे। छठवें राउंड में बाजी पलटते हुए भाजपा प्रत्याशी ने बसपा पर 368 मतों की बढ़त बना ली।
सातवें राउंड में भाजपा के मतों का अंतर 705 हो गया। पुनः आठवें राउंड में बसपा को 170 मतों की बढ़त मिली। नौवें राउंड में भाजपा प्रत्याशी को 171 मतों से आगे निकल गए। इसके बाद बाजी बसपा के हाथ से फिसलने लगी।
दसवें राउंड में अशोक कुमार सिंह की बढ़त 719 मतों की हो गई। 11 वें चक्र की मतगणना में बसपा 1777 मतों से पिछड़ गई। लेकिन अंतिम चक्र में यह अंतर कम हुआ। लेकिन एनडीए प्रत्याशी को 1362 मतों से जीत मिली। चार वर्षों बाद पुनः रामगढ़ में भाजपा की वापसी हो गई।
रामगढ़ विधानसभा सीट पर किसे कितने वोट मिले ?
उम्मीदवार का नाम | पार्टी | कितने वोट मिले |
अशोक कुमार सिंह | भारतीय जनता पार्टी | 62257 |
सतीश कुमार सिंह यादव | बहुजन समाज पार्टी | 60895 |
अजीत कुमार सिंह | राष्ट्रीय जनता दल | 35825 |
रामगढ़: भाजपा की जीत पर रामगढ़ में जश्न का माहौल
- बिहार विधानसभा के उपचुनाव में भाजपा का कमल खिल गया है। इस जीत के साथ भाजपा के कार्यकर्ता जश्न में डूब गए हैं।
- रामगढ़ बाजार में भाजपा प्रत्याशी अशोक कुमार सिंह की जीत की खबर सुनते ही कार्यकर्ताओं ने मिठाई बांटकर खुशी का इजहार किया।
- बता दें कि भाजपा की जीत के बाद दुर्गा चौक से लेकर आंबेडकर चौक तक कार्यकर्ता आतिशबाजी करते रहे। कार्यकर्ता सड़क पर आने जाने वाले लोगों को बुलाकर मिठाई खिला रहे थे।
- गोड़सरा गांव में ज्यादा तौर पर खुशी देखी गई। नव निर्वाचित विधायक अशोक कुमार सिंह के दरवाजे पर लोगों के आने जाने का सिलसिला देर रात तक चलता रहा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।