विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बेल्जियम से भारत पहुंची 200 टन की मशीनरी, 308 पहियों वाला ट्रक ने कैमूर के कुदरा में रोक दी लोगों की नजरें

Published: Mon, 21 Sep 2026 10:24 PM (IST)

बिहार के कुदरा, कैमूर में 308 पहियों वाले एक विशाल ट्रक पर लदी 200 टन की मशीनरी ने लोगों का ...और पढ़ें

308 पहिए, 200 टन वजन और रास्ते में जुटी भीड़

308 पहिए, 200 टन वजन और रास्ते में जुटी भीड़

HighLights

  1. 308 पहियों वाले ट्रक पर 200 टन की मशीनरी।

  2. बेल्जियम से बलरामपुर चीनी मिल जा रही थी मशीनरी।

  3. कुदरा में रेल ओवरब्रिज के नीचे पार करने में हुई परेशानी।

संवाद सूत्र, कुदरा(कैमूर)। बिहार के कुदरा में सोमवार को सड़क पर ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। 308 पहियों वाले विशालकाय ट्रक पर लदी करीब 200 टन की मशीनरी को देखने के लिए सड़क के दोनों ओर लोगों की भीड़ जमा हो गई। महाकाय ट्रक और उस पर लदा भारी-भरकम मशीनरी पार्ट लोगों के लिए कौतूहल का केंद्र बना रहा।

308 पहिए, 200 टन वजन और रास्ते में जुटी भीड़

मिली जानकारी के अनुसार यह विशाल मशीनरी पार्ट यूरोपीय देश बेल्जियम से आया है। समुद्री रास्ते से खेप ओडिशा पहुंची, जिसके बाद इसे सड़क मार्ग से उत्तर प्रदेश के बलरामपुर स्थित एक चीनी मिल तक पहुंचाया जा रहा है। मशीनरी के विशाल आकार को देखते हुए इसके लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।

रेल ओवरब्रिज के नीचे पहुंचते ही बढ़ी मुश्किल

कुदरा में विशाल ट्रक को रेल ओवरब्रिज के नीचे से पार कराने के दौरान परेशानी खड़ी हो गई। मशीनरी पार्ट की ऊंचाई और पूरे वाहन के आकार के कारण यहां काफी सावधानी बरतनी पड़ी।

इस दौरान कुछ देर के लिए एनएच-19 पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और सड़क पर गाड़ियों की कतार लग गई।

ऊपर से नीचे तक लोगों की नजरें इसी पर टिकी रहीं

विशालकाय मशीनरी को देखने के लिए स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। कई लोग नेशनल हाईवे के दोनों किनारों पर खड़े होकर इस अनोखे कार्गो को देखते रहे, जबकि काफी संख्या में लोग ओवरब्रिज के ऊपर भी पहुंच गए। ट्रक का आकार देखकर लोग अपने मोबाइल कैमरों में इस नजारे को कैद करते नजर आए।

शनिवार से रास्ता पार करा रही हाईवे पेट्रोलिंग टीम

भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की हाईवे पेट्रोलिंग टीम भी इस भारी-भरकम खेप को सुरक्षित आगे बढ़ाने में जुटी है। टीम के आलोक सिंह के मुताबिक, शनिवार से ही औरंगाबाद जिले से लेकर रोहतास और कैमूर के रास्ते इस विशाल ट्रक को सुरक्षित पार कराने का काम किया जा रहा है।

बलरामपुर तक पहुंचेगी 200 टन की मशीनरी

यह विशाल मशीनरी पार्ट आखिरकार उत्तर प्रदेश के बलरामपुर स्थित चीनी मिल तक पहुंचाया जाएगा। इसके लिए तय रूट पर पुलों, ओवरब्रिज और सड़क की स्थिति को ध्यान में रखते हुए वाहन को आगे बढ़ाया जा रहा है।

308 पहियों पर 200 टन की इस खेप का सफर फिलहाल कुदरा में लोगों के लिए आकर्षण का बड़ा केंद्र बना हुआ है।