बिहार में छात्रा की दुष्कर्म के बाद हत्या; उग्र भीड़ ने थाने को फूंका, पुलिस फायरिंग
बिहार में एक दलित छात्रा की हत्या कर के बाद लोगों का गुस्सा पुलिस के खिलाफ भड़क गया। भीड़ ने जमकर उत्पात मचाया। जवाब में पुलिस ने फायरिंग की। घटना में कई लोग घायल हो गए।
कैमूर [जेएनएन]। बिहार के कैमूर में एक दलित छात्रा की हत्या के बाद बवाल मच गया है। आक्रोशित भीड़ ने बाजार में पथराव किया और थाने को फूंक दिया। इसके साथ ही कई वाहनों को भी आग के हवाले कर दिया। बचाव में पुलिस को फायरिंग करनी पड़ी। घटना में कई लोगों के घायल होने की सूचना मिली है। इलाके में तनाव की स्थिति व्याप्त है।
कैमूर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव में दलित समुदाय की एक छात्रा की हत्या कर दी गई। ग्रामीणों के अनुसार छात्रा से दुष्कर्म कर उसे मोहनिया रेल ट्रैक पर मरने के लिए फेंक दिया गया था। बाद में उसकी मौत इलाज के दौरान हो गई।
छात्रा की मौत के बाद ग्रामीण उत्तेजित हो गए। उन्होंने शव के साथ सड़क जाम कर दिया तथा बाजार बंद कराते हुए जमकर पथराव किया। ग्रामीणों ने रामगढ़ थाने का भी घेराव किया। घटना के दौरान उत्तेजित भीड़ ने थाने पर भी हमला कर दिया। उसने थाने को आग के हवाले कर दिया तथा कई थाने की चार गाडि़यां भी फूंक दीं।
उत्पात व तनाव को बढ़ते देख पुलिस ने फायरिंग की। इसके बाद स्थिति पर कुछ नियंत्रण तो पाया गया, लेकिन तनाव अभी भी कायम है। आंदोलनकारी शव के साथ सउ़क जाम कर बैठे हुए हैं। ग्रामीणों के हमले में मोहनियां डीएसपी रघुनाथ सिंह के घायल होने की भी सूचना है। पुलिस स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास कर रही है।