खेतों में पराली नहीं जलाने के लिए किसानों को किया गया जागरूक
कुदरा प्रखंड कार्यालय परिसर में किसानों के लिए प्रशिक्षण कार्यशाला के आयोजन के साथ मंगलवार को यहां रबी महाअभियान की शुरुआत हुई।
कुदरा प्रखंड कार्यालय परिसर में किसानों के लिए प्रशिक्षण कार्यशाला के आयोजन के साथ मंगलवार को यहां रबी महाअभियान की शुरुआत हुई। प्रखंडस्तरीय कार्यशाला का आयोजन कृषि विभाग के कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंध अभिकरण (आत्मा) के तत्वावधान में किया गया। कार्यशाला में किसानों को रबी फसलों की उन्नत खेती के गुर बताते हुए सरकार द्वारा चलाए जा रहे कार्यक्रमों का लाभ उठाने के लिए जागरूक किया गया। इसमें आत्मा के परियोजना निदेशक श्याम बिहारी सिंह, प्रखंड विकास पदाधिकारी अशोक कुमार, प्रखंड कृषि पदाधिकारी ठाकुर प्रसाद, प्रखंड प्रमुख मुकेश रावत, कृषि वैज्ञानिक नीरज कुमार, डॉ. मनीष कुमार सिंह, एसएमएस निरंजन सिंह, व्यापार मंडल के पूर्व अध्यक्ष रामाशंकर सिंह, पैक्स अध्यक्ष सुनील चौबे, पूर्व बीस सूत्री अध्यक्ष कुमार अशोक सिंह, मुखिया धर्मेंद्र कुमार सिंह पिटू, पैक्स सचिव अशोक तिवारी आदि समेत काफी संख्या में किसानों ने हिस्सा लिया। प्रशिक्षण कार्यशाला में किसानों को गेहूं, चना, मटर, सरसों आदि विभिन्न रबी फसलों के उन्नत बीजों व आधुनिक प्रविधियों की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने कहा कि आधुनिक प्रविधियों को अपनाकर किसान उपज में पर्याप्त वृद्धि कर सकते हैं। इसके साथ ही उन्होंने किसानों को पराली न जलाने के लिए जागरूक करते हुए कहा कि इससे खेतों की उर्वरता के साथ साथ पर्यावरण को भी काफी नुकसान हो रहा है। अधिकारियों ने किसानों को अपना पंजीकरण जरूर कराने की सलाह देते हुए कहा कि अभी भी बड़ी संख्या में किसानों का पंजीकरण नहीं हो सका है। उन्होंने किसान मानधन योजना का लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि 18 से 40 वर्ष के बीच निर्धारित प्रीमियम जमा कर किसान 60 वर्ष के बाद प्रति माह 3000 रुपये का पेंशन पा सकते हैं। उन्होंने किसानों से किसान सम्मान निधि का भी लाभ उठाने की अपील की, जिसमें सरकार उन्हें सालाना 6,000 रुपये का अनुदान देती है।