दिसंबर में सात वर्ष पूरा करेगा निर्माणाधीन जेल, उद्घाटन का हो रहा इंतजार
दिसंबर में सात वर्ष पूरा करेगा निर्माणाधीन जेल
भभुआ- मोहनियां पथ पर परसियां गांव के समीप स्थित निर्माणाधीन मंडलकारा दिसंबर माह में अपने सात वर्ष पूरा करेगा। इसके निर्माण का कार्य भी लगभग पूरा हो गया है। लेकिन अफसोस की यह अभी उद्घाटन के इंतजार कर रहा है। यह इस जिले का दुर्भाग्य ही कहा जाएगा कि जिला मुख्यालय भभुआ नगर में आने वाले मुख्य मार्ग के किनारे बने इस मंडलकारा के निर्माण का कार्य पूर्ण हो जाने के बाद भी यहां वीरान जैसा नजारा देखने को मिल रहा है। इसके उद्घाटन की तिथि इन सात वर्षों के अंदर कितनी बार निर्धारित की गई यह कहना मुश्किल है, लेकिन उद्घाटन एक भी निर्धारित तिथि पर नहीं हो सका। अब तक निर्माणाधीन जेल का उद्घाटन नहीं होने से भभुआ मंडलकारा के बंदियों को कई तरह की परेशानी होती है। पूर्व में भभुआ मंडलकारा में काफी कम बंदियों के रहने की व्यवस्था थी। बाद में कुछ वार्ड बढ़ाए गए जिससे वर्तमान समय में लगभग 400 बंदी हैं। मंडलकारा भभुआ में बंदियों की संख्या बढ़ने से सरकार द्वारा नए जेल का निर्माण कराने का निर्णय लिया गया। इस निर्णय पर परसियां गांव के पश्चिम सिवाना में नए जेल का निर्माण कार्य 12 दिसंबर 2012 में शुरू हुआ। जेल निर्माण के लिए कुल 22 करोड़ 96 लाख 62 हजार 294 रुपये की राशि स्वीकृत की गई। इसके बाद संवेदक द्वारा कार्य शुरू किया गया। लेकिन रेट में कुछ परेशानी उत्पन्न होने पर वर्ष 2015 में कार्य बंद हो गया। इसके बाद जिला प्रशासन के स्तर से रेट की उत्पन्न समस्या को दूर करा कर कुछ माह बाद कार्य शुरू कराया गया। उस वक्त दूसरे फेज की राशि दस करोड़ 12 लाख 24 हजार रुपये भी दी गई। इसके बाद कार्य शुरू किया गया। तब से लगभग आधा दर्जन बार इस जेल के उद्घाटन की तिथि निर्धारित की गई। लेकिन एक भी तिथि पर इसका उद्घाटन नहीं हो सका। जेल में एक हजार बंदी के रहने की व्यवस्था बनाई जा रही है। तीन ब्लॉक में 12 वार्ड बनाए गए हैं। इसमें एक अलग से महिला वार्ड बनाया जा रहा है। इसके अलावा लाइब्रेरी का निर्माण कार्य भी बनवाया गया है। इस जेल परिसर में ही बंदियों के लिए अस्पताल का भी निर्माण कराया गया है। इसके अलावा कक्षपाल व जेल प्रशासन से जुड़े पदाधिकारियों के रहने के लिए कमरे का निर्माण भी पूर्ण हो चुका है।
क्या कहते हैं पदाधिकारी -
इस संबंध में पूछे जाने पर जिला आपूर्ति पदाधिकारी सह प्रभारी जेल अधीक्षक प्रभाष कुमार झा ने बताया कि बीते दिनों एआइजी जेल राजीव कुमार ने भभुआ मोहनियां पथ पर नवनिर्मित मंडलकारा का निरीक्षण किए हैं। लेकिन अभी तक जेल के उद्घाटन की कोई तिथि निर्धारित नहीं हुई है।