दहेज के लिए महिला को जान से मारने का प्रयास
जमुई। थाना क्षेत्र के अरणमाबांक गांव में एक महिला को उसके परिवार वालों ने ही दहेज के लिए जान से मारन
जमुई। थाना क्षेत्र के अरणमाबांक गांव में एक महिला को उसके परिवार वालों ने ही दहेज के लिए जान से मारने का प्रयास किया। मारपीट में महिला का सिर फटने के साथ कान भी कट गया है। महिला को इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है। मामले में जख्मी फूलन देवी के पुत्र रंजन कुमार ने अपने चाचा सीताराम यादव, रामविलास यादव तथा झारखंड के गिरिडीह जिला निवासी दिलीप यादव व मनोज यादव पर मारपीट का आरोप लगाया है। दर्ज प्राथमिकी के अनुसार फूलन मंगलवार की सुबह शौच के लिए गई थी। काफी देर बाद जब वह घर नहीं आई तो पुत्र उसे ढूंढते नदी की ओर गया। रास्ते में सीताराम यादव हाथ में कुल्हाड़ी लिए तथा रामविलास यादव लाठी लिए दिलीप यादव व मनोज यादव के साथ नदी की ओर से लौट रहा था। नदी किनारे पहुंचने पर रंजन ने देखा कि उसकी मां का सिर फटा हुआ है तथा कान भी कटा है और वह बेसुध अवस्था में पड़ी है। बाद में उसे अन्य लोगों के सहयोग से इलाज के लिए खैरा लाया गया। रंजन के अनुसार उसके चाचा सहित परिवार के अन्य लोग दहेज के रूप में पांच लाख रुपये की मांग तथा बाइक को लेकर बात बनाते रहते थे। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।