ड्यूटी पर तैनात थे होमगार्ड पिता, इधर छिन गए घर के 2 चिराग; जमुई में सगे भाइयों की डूबने से मौत
जमुई के सोनो इलाके में तीज पूजा की प्रतिमा विसर्जन के दौरान आहार में डूबने से दो सगे भाइयों की ...और पढ़ें
HighLights
जमुई के सोनो में तीज प्रतिमा विसर्जन के दौरान हादसा।
टिकलाही आहार में डूबने से दो सगे भाइयों की मौत।
मृतकों में अमरजीत (10) और रुद्र (7) कुमार शामिल।
संवाद सहयोगी, सोनो (जमुई)। तीज पर्व की खुशियां मंगलवार को सोनो प्रखंड के बाबुडीह गांव में उस समय मातम में बदल गईं, जब तीज की प्रतिमा विसर्जित करने गए दो सगे भाइयों की टिकलाही आहार में डूबने से मौत हो गई।
हादसे में बाबुडीह निवासी होमगार्ड जवान शंकर चौधरी के दो पुत्र अमरजीत कुमार (11) और रुद्र कुमार (7) की जान चली गई। एक साथ दो मासूम भाइयों की मौत की खबर से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार में चीख-पुकार मच गई।
बताया जाता है कि शंकर चौधरी के तीन पुत्र हैं। अमरजीत सबसे बड़ा और रुद्र सबसे छोटा था। मंगलवार की सुबह तीनों भाई गांव के अन्य बच्चों के साथ तीज की प्रतिमा विसर्जित करने टिकलाही आहार पहुंचे थे। बच्चे पर्व को लेकर उत्साहित थे।
प्रतिमा विसर्जन के दौरान अमरजीत और रुद्र पानी में उतर गए। इसी दौरान दोनों गहरे पानी की ओर चले गए और अचानक डूबने लगे।दोनों भाइयों को पानी में डूबता देख मंझला भाई घबरा गया। वह किसी तरह वहां से दौड़कर घर पहुंचा और स्वजनों को घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही परिवार के लोग और ग्रामीण बदहवास होकर आहार की ओर दौड़े। ग्रामीणों ने काफी प्रयास के बाद दोनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला। हालांकि, तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी।
स्वजन दोनों बच्चों को लेकर तत्काल सदर अस्पताल जमुई पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों की घोषणा के साथ ही स्वजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
एक साथ दो बेटों की मौत ने परिवार को पूरी तरह तोड़ दिया है। घर में जहां तीज पर्व को लेकर उत्साह था, वहीं कुछ ही देर बाद वहां चीख-पुकार मच गई। मां और अन्य स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के लोग भी इस हृदयविदारक घटना से स्तब्ध हैं।
मृतक बच्चों के पिता शंकर चौधरी होमगार्ड जवान हैं और खैरा अंचल में पदस्थापित हैं। ग्रामीण परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई में जुट गई।
