बिहार: कुएं में एक साथ मां व दो बच्चों के शव मिलने से सनसनी, मायकेवालों ने कहा- यह हत्या है
जमुई में उस समय सनसनी मच गई जब एक कुएं से एक साथ तीन शव मिले। एक महिला व दो बच्चों के शवों के मिलने की जानकारी मिलते ही पहुंचे लोग। मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप।
जमुई, जेएनएन। बिहार के जमुई जिले में उस समय सनसनी मच गई, जब एक कुएं से एक साथ तीन शव मिले। एक महिला व दो बच्चों के शवों के मिलने की जानकारी मिलते ही गांव के लोग आनन-फानन में कुएं के पास पहुंचे। मामला सोनो थाना क्षेत्र की बलथर पंचायत के भीठरा गांव का है। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बरामद शवों की पहचान स्थानीय ग्रामीणों द्वारा की गई। शवों की पहचान भीठरा गांव निवासी पंकज यादव की पत्नी पिंकी देवी तथा उसके दो बच्चों के रूप में की गई। मृत बच्चों में दो साल की बेटी तथा एक साल का बेटा है। वहीं बांका जिले के कटोरिया थाना अंतर्गत मोथाबाड़ी , ढाकोडीह निवासी फुलेश्वर यादव पिता स्व जगदीश यादव ने इसे हत्या का मामला बताया है।
घटनास्थल पर पहुंचे थानाध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि शुक्रवार सुबह शौच के लिए गए ग्रामीणों ने कुएं में शवों को देखा। इसकी सूचना फौरन पुलिस को दी गई। उधर, थाने में दिए आवेदन में फुलेश्वर यादव ने लिखा है कि उसकी भतीजी पिंकी देवी की शादी वर्ष 2014 में पंकज यादव के साथ हुई थी। वह बार-बार अपनी पत्नी से पैसे की मांग किया करता था।
आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि कुछ दिनों से पंकज का नाजायज संबंध किसी अन्य महिला से था। इसका विरोध पिंकी किया करती थी। पिंकी द्वारा पति के नाजायज संबंध का विरोध करना महंगा पड़ा। उक्त मामले में पंकज यादव, उसकी मां, बहन-बहनोई, मामा तथा छोटे भाई को नामजद किया गया है।
आरोप है कि इन लोगों ने मिलकर उनकी भतीजी पिंकी देवी सहित दो साल की नतिनी व एक वर्षीय नाती की हत्या कर कुएं में फेंक दिया। फिलहाल मौके पर थानाध्यक्ष के साथ पहुंचे पुअनि उपेन्द्र कुमार सिंह, सअनि मु तैयब मामले की जांच में जुटे हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया कि जांच के बाद ही पता चलेगा कि घटना के पीछे क्या कारण है। बहरहाल, गांव में इसे लेकर सन्नाटा पसर गया है।