करेंगे गुंडागर्दी, क्या कर लेगी वर्दी! नंदन के खौफ से सहमी थीं जमुई की बेटियां; गिरफ्तारी के बाद सामने आ रहे काले कारनामे
जमुई के मड़वा पहाड़ प्रकरण में नंदन यादव की गिरफ्तारी के बाद स्थानीय लोग उसके कथित दबंग व्यवहार और लड़कियों ...और पढ़ें

HighLights
नंदन यादव की गिरफ्तारी के बाद ग्रामीणों ने चुप्पी तोड़ी।
उस पर लड़कियों को परेशान करने और दबंगई के आरोप।
खौफ के कारण छात्राओं की पढ़ाई भी हुई प्रभावित।
संवाद सहयोगी, जमुई। मड़वा पहाड़ प्रकरण में गिरफ्तार नंदन यादव को लेकर इलाके में अब कई तरह की बातें सामने आने लगी हैं। पुलिस कार्रवाई के बाद स्थानीय लोग उसके कथित व्यवहार और दबंग छवि को लेकर खुलकर बोलने लगे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि नंदन का इलाके में ऐसा खौफ था कि उसके खिलाफ आवाज उठाने से लोग कतराते थे।
अब गिरफ्तारी के बाद लोग उसके कथित कारनामों की चर्चा करने से भी परहेज नहीं कर रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, नंदन पर राह चलती लड़कियों पर फब्तियां कसने और उन्हें परेशान करने के आरोप लगते रहे हैं। ग्रामीणों का दावा है कि उसकी कथित हरकतों से कई छात्राएं असहज और भयभीत रहती थीं।
कुछ लोगों ने बताया कि स्कूल आने-जाने के दौरान लड़कियों को परेशान किए जाने की शिकायतें भी सामने आती थीं। हालांकि, भय के कारण इन मामलों में लोग खुलकर सामने नहीं आते थे।
दबंग छवि का था, विरोध करने से डरते थे लोग
ग्रामीणों की मानें तो नंदन खुद को इलाके में दबंग के रूप में पेश करता था। उसके व्यवहार के कारण आसपास के लोगों में नाराजगी तो थी, लेकिन विरोध करने का साहस कम ही लोग जुटा पाते थे। लोगों का कहना है कि यही वजह रही कि कथित छेड़खानी और अभद्र व्यवहार की घटनाओं के बावजूद उसके खिलाफ आवाज मजबूती से नहीं उठ सकी।
कथित हरकतों से छात्राओं में था डर
इलाके के लोगों का कहना है कि नंदन की कथित हरकतों का असर छात्राओं की पढ़ाई पर भी पड़ा। कुछ ग्रामीणों ने दावा किया कि रास्ते में परेशान किए जाने के डर से कई लड़कियां स्कूल जाने में भी असहज महसूस करती थीं। कुछ छात्राओं के स्कूल छोड़ने की बात भी स्थानीय लोगों ने कही है।
