विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

झाझा-जसीडीह रूट पर अचानक ट्रैफिक ब्लॉक से थमे ट्रेनों के पहिए, गुरुमुखी घंटों लेट; अन्‍य कई ट्रेनें रद

Published: Sun, 25 Oct 2026 07:14 PM (IST)

Jhajha Jasidih Train Disruption: पटना-हावड़ा रेलखंड पर सिमुलतला-लहाबन के बीच ट्रैफिक ब्लॉक के कारण ट्रेनों का परिचालन बाधित हुआ। कई ...और पढ़ें

Jhajha Jasidih Train Disruption: स‍िमुलतला रेलवे स्‍टेशन पर खड़ी ट्रेन।

Jhajha Jasidih Train Disruption: स‍िमुलतला रेलवे स्‍टेशन पर खड़ी ट्रेन।

HighLights

  1. सिमुलतला-लहाबन डाउन ट्रैक पर अचानक ट्रैफिक ब्लॉक लगाया गया।

  2. कई मेमू व लंबी दूरी की ट्रेनें घंटों विलंब से चलीं।

  3. झाझा-देवघर सहित दो महत्वपूर्ण ट्रेनें रद्द की गईं।

संवाद सूत्र, सिमुलतला/झाझा (जमुई)। Jhajha Jasidih Train Disruption:  पटना-हावड़ा मुख्य रेलखंड अंतर्गत पूर्व रेलवे के आसनसोल रेलमंडल में रविवार को ट्रेनों का परिचालन पूरी तरह बेपटरी हो गया। एक ओर जहां सिमुलतला और लहाबन स्टेशन के बीच डाउन ट्रैक पर अचानक लिए गए रेलवे ट्रैफिक व पावर ब्लॉक के चलते कई मेमू व पैसेंजर गाड़ियां घंटों फंसी रहीं।

दूसरी ओर लंबी दूरी की गाड़ियों के विलंब और दो महत्वपूर्ण ट्रेनों के रद रहने से मुसाफिरों को भारी फजीहत झेलनी पड़ी। रविवार शाम अचानक पहिए थम जाने से घर लौट रहे दैनिक यात्रियों और नौकरीपेशा लोगों में रेलवे की कार्यशैली को लेकर गहरा असंतोष देखा गया।

निर्धारित समय से लंबा खिंचा ब्लॉक, आउटर पर खड़ी रहीं गाड़ियां

मिली जानकारी के अनुसार, रेल प्रशासन की ओर से सिमुलतला-लहाबन रेलखंड की डाउन पटरी पर शाम 03:25 बजे से 04:55 बजे तक तकनीकी मरम्मत और ट्रैक संरक्षा के लिए ट्रैफिक व पावर ब्लॉक निर्धारित किया गया था। इस दौरान मेंटेनेंस कार्य तो तेजी से शुरू हुआ, लेकिन तय समय सीमा बीत जाने के बाद भी शाम 05:10 बजे तक ट्रैक फिट नहीं मिल सका।

ब्लॉक की अवधि खिंचने का सीधा असर पीछे से आ रही ट्रेनों पर पड़ा और उन्हें रास्ते के स्टेशनों पर ही रोक दिया गया। इसके चलते ट्रेन संख्या 13208 डाउन पटना-जसीडीह मेमू लगभग एक घंटे 40 मिनट, 63210 डाउन पटना-देवघर मेमू करीब एक घंटा 25 मिनट और 63574 डाउन किऊल-जसीडीह मेमू एक घंटे से अधिक विलंब से संचालित हुई। बिना किसी पूर्व सूचना के ब्लॉक की अवधि बढ़ जाने से सिमुलतला, लहाबन और झाझा स्टेशनों पर मुसाफिर घंटों परेशान रहे।

गुरुमुखी एक्सप्रेस घंटों लेट, झाझा-देवघर समेत दो ट्रेनें रद

इधर, झाझा स्टेशन पर भी यात्रियों को गाड़ियों की लेटलतीफी और रद्दीकरण से भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। अमृतसर से कोलकाता जाने वाली ट्रेन संख्या 12326 गुरुमुखी सुपरफास्ट एक्सप्रेस घंटों की भारी देरी से झाझा स्टेशन पहुंची, जिससे कोलकाता और आसनसोल की ओर जाने वाले यात्रियों को प्लेटफॉर्म पर लंबा इंतजार करना पड़ा।

इसके साथ ही, रेलवे द्वारा ट्रेन संख्या 63565/63566 झाझा-देवघर पैसेंजर और ट्रेन संख्या 17006 रक्सौल-हैदराबाद एक्सप्रेस का परिचालन अचानक रद्द कर दिया गया। दोनों महत्वपूर्ण ट्रेनों के रद होने की जानकारी मिलते ही स्टेशन पर अफरातफरी मच गई और यात्रियों को अपनी पूर्व निर्धारित यात्रा रद्द करनी पड़ी या निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ा।

स्टेशन प्रबंधक बोले- पीछे से ही विलंबित थीं ट्रेनें

परिचालन में आई इस अव्यवस्था पर झाझा के प्रभारी स्टेशन प्रबंधक मंजीत कुमार ने बताया कि अमृतसर-कोलकाता गुरुमुखी एक्सप्रेस पीछे से ही घंटों विलंब से चल रही थी, झाझा स्टेशन स्तर पर किसी भी ट्रेन को अनावश्यक नहीं रोका गया। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, पटरियों की सुरक्षा और संरक्षा को दुरुस्त रखने के लिए मेंटेनेंस ब्लॉक आवश्यक था। हालांकि, रविवार की शाम ट्रेनों के अचानक रद होने और लेट चलने के दोहरे झटके ने यात्रियों के सफर के पूरे गणित को बिगाड़ कर रख दिया।