जमुई: 5 मिनट पहले पत्नी से हुई थी बात, फिर हमेशा के लिए खामोश हो गया गोलू का फोन
झाझा में एक सड़क हादसे में अमित राम उर्फ गोलू की मौत हो गई, जिसने अपनी पत्नी से कुछ मिनट ...और पढ़ें

5 मिनट पहले पत्नी से हुई थी बात, फिर हमेशा के लिए खामोश हो गया गोलू का फोन (AI Generated Image)
HighLights
झाझा में सड़क हादसे में अमित राम की मौत।
पत्नी से कुछ मिनट पहले ही हुई थी आखिरी बात।
दो छोटे बच्चे और बूढ़े माता-पिता बेसहारा हुए।
संवाद सूत्र, बोड़वा (जमुई)। रविवार की शाम अमित राम उर्फ गोलू के घर में जिस फोन का इंतजार हो रहा था, उसी फोन ने परिवार की खुशियां छीन लीं। पत्नी आरती देवी से महज पांच मिनट पहले ही अमित की फोन पर बात हुई थी।
उन्होंने जल्द घर पहुंचने की बात कही थी। पत्नी को क्या पता था कि यह पति से उनकी आखिरी बातचीत होगी। आरती रविवार को उपवास पर थीं। पति उनके लिए फल-सामग्री लाने बाइक से निकले थे।
घर लौटते समय फोन पर हुई बातचीत में उन्होंने जल्द आने का भरोसा दिया था। इसके कुछ ही देर बाद झाड़ी शहर के पुरानी बाजार पार्क के समीप सड़क हादसे में अमित की मौत की खबर घर पहुंची। खबर सुनते ही आरती के पैरों तले जमीन खिसक गई। अमित अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था और पि
कअप चलाकर परिवार का सहारा बना हुआ था। अब उसकी मौत के बाद बूढ़े माता-पिता की आंखों के सामने अंधेरा छा गया है।
पत्नी आरती की दुनिया उजड़ गई तो सात वर्षीय अविराज और पांच वर्षीय आरव के सिर से पिता का साया उठ गया। बच्चों को शायद अभी यह भी समझ नहीं कि जिस पिता के लौटने का इंतजार था, वे अब कभी घर नहीं आएंगे।
