बिहार में 'खाकी' से भिड़ी 'खाकी': पुरुष पुलिसकर्मियों और महिला होमगार्ड्स में चले लात-घूंसे, तानी पिस्टल
झाझा रेल थाना में ड्यूटी को लेकर महिला और पुरुष पुलिस कर्मियों के बीच विवाद मारपीट में बदल गया, जिसमें ...और पढ़ें

झाझा रेल थाना में ड्यूटी विवाद पर पुलिसकर्मियों के दो गुटों में मारपीट, कई घायल
HighLights
झाझा रेल थाना में पुलिसकर्मियों के बीच मारपीट हुई।
ड्यूटी को लेकर शुरू हुआ था यह विवाद।
सात पुलिसकर्मी घायल, मामले की जांच जारी है।
संवाद सूत्र, बोड़वा (जमुई)। झाझा रेल थाना में मंगलवार को ड्यूटी को लेकर महिला और पुरुष पुलिस कर्मियों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। घटना के बाद थाना के समीप प्लेटफार्म पर यात्रियों की भीड़ जुट गई।
मारपीट में तीन पुरुष पुलिस कर्मी और चार महिला होमगार्ड के घायल होने की बात सामने आई है। हालांकि, दोनों पक्षों के आरोप अलग-अलग हैं। रेल थानाध्यक्ष ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
घायलों में थाना के मुंशी अभिषेक कुमार, राहुल कुमार, कांस्टेबल प्रेम सागर तिवारी तथा महिला होमगार्ड रानी कुमारी, शिवानी कुमारी, पूजा कुमारी और मुस्कान कुमारी शामिल हैं। बताया गया कि प्रेमसागर तिवारी को छोड़कर अन्य सभी घायल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे।
घटना को लेकर थाना में कार्यरत अन्य पुलिस कर्मियों से भी जानकारी ली जा रही है। पुरुष पुलिस कर्मियों की ओर से बताया गया कि महिला होमगार्ड शिवानी कुमारी के ड्यूटी करने के तरीके पर मुंशी अभिषेक कुमार ने आपत्ति जताई थी।
इसी बात को लेकर विवाद बढ़ा। इसी बीच महिला पुलिस कर्मियों ने अभिषेक के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच हाथापाई होने लगी। वहीं, महिला होमगार्ड शिवानी कुमारी ने बताया कि होमगार्ड जवानों को हथियार लेकर ड्यूटी करने के लिए कहा जाता है।
प्लेटफॉर्म या कार्यालय में ड्यूटी के दौरान हथियार लेकर जाने को लेकर उन्होंने अपनी बात रखी थी। इसी दौरान अभिषेक ने गाली-गलौज शुरू कर दी।
शिवानी का आरोप है कि इसके बाद प्रेमसागर ने रानी के साथ मारपीट की। शिवानी ने पुरुष पुलिस कर्मियों पर पिस्टल तानने का भी आरोप लगाया।
महिला होमगार्ड ने बताया कि इसके बाद पुरुष पुलिस कर्मियों ने भी उनके साथ मारपीट की। घटना के बाद दोनों पक्षों के घायल अस्पताल पहुंचे और इलाज कराया।
इधर, रेल थानाध्यक्ष मदुसुदन पासवान ने बताया कि ड्यूटी को लेकर विवाद होने की जानकारी मिली है। दोनों पक्षों से जानकारी ली जा रही है। मामले की जांच जारी है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. नवाब ने बताया कि झाझा रेल थाना से छह पुलिस कर्मी इलाज करने के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे थे। सभी का इलाज किया गया है, सभी की हालत खतरे से बाहर है।
