जमुई: खाते में करीब ₹30000000 का लेनदेन, महिला बोली- मुझे मोहरा बनाकर हुई जालसाजी
सोनो (जमुई) की एक महिला ने अपने बैंक खाते के दुरुपयोग का आरोप लगाया है, जिसमें उसकी जानकारी के बिना करीब तीन करोड़ रुपये का लेन-देन हुआ है।
HighLights
महिला ने अपने बैंक खाते में तीन करोड़ के लेन-देन का आरोप लगाया।
विक्रम पासवान पर खाता खुलवाकर एटीएम कार्ड रखने का आरोप।
पुलिस ने महिला के बैंक खाते में धोखाधड़ी की जांच शुरू की।
संवाद सूत्र, सोनो (जमुई)। थाना क्षेत्र के सलैया गांव की एक महिला ने अपने बैंक खाते का दुरुपयोग कर बड़े पैमाने पर लेन-देन किए जाने का आरोप लगाया है। महिला ने इस संबंध में सोनो थाने में आवेदन देकर जांच और कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता बड़की किस्कू का कहना है कि उसके खाते में उसकी जानकारी के बिना लंबे समय से बड़ी रकम का लेन-देन होता रहा और बैंक से जानकारी लेने पर उसे करीब तीन करोड़ रुपये के लेन-देन की बात बताई गई।
महिला के अनुसार, ग्राम पंचायत राज लोहा के मुखिया जमादार सिंह से उसे जानकारी मिली कि समस्तीपुर निवासी सतीश कुमार राय की 1.09 लाख रुपये की राशि उसके बैंक खाते में चली गई है। इसके बाद वह सोनो स्थित बिहार ग्रामीण बैंक की शाखा पहुंची और खाते का स्टेटमेंट निकलवाया।
स्टेटमेंट की जानकारी लोगों से पढ़वाने के बाद उसे पता चला कि खाते में लंबे समय से लगातार बड़ी रकम का लेन-देन किया जा रहा है।
शिकायतकर्ता ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया है कि बैंक की ओर से उसे 47,88,610 रुपये के ट्रांजेक्शन का दस्तावेज दिया गया। वहीं, बैंक अधिकारी ने खाते में करीब तीन करोड़ रुपये का लेन-देन होने की जानकारी दी। यह सुनकर महिला के होश उड़ गए।
सरकारी राशि आने की बात कह खुलवाया था खाता
बड़की किस्कू ने आवेदन में आरोप लगाया है कि उसके नाम से सोनो के मानधाता स्थित बिहार ग्रामीण बैंक के सीएसपी में केशोफरका निवासी विक्रम पासवान के माध्यम से खाता खुलवाया गया था। उसने कहा कि खाता खुलवाते समय विक्रम ने उसे बताया था कि सरकार की ओर से उसके नाम पर राशि भेजी जाएगी।
महिला के अनुसार, खाता खुलने के दो दिन बाद उसका एटीएम कार्ड भी बन गया। बैंक से खाता और एटीएम कार्ड मिलने के बाद विक्रम पासवान ने जिद करके एटीएम कार्ड अपने पास रख लिया।
महिला का कहना है कि उसे उस समय इस बात का अंदाजा नहीं था कि उसके बैंक खाते का इस्तेमाल किस तरह किया जा रहा है। खाते में लगातार हो रहे बड़े वित्तीय लेन-देन की जानकारी मिलने के बाद उसने पूरे मामले की जांच की मांग की है।
पति के नाम से भी खाता खुलवाने का आरोप
शिकायतकर्ता ने यह भी बताया है कि उसके पति सोनेलाल किस्कू के नाम से भी विक्रम पासवान ने बैंक खाता खुलवाया था। महिला ने आशंका जताई है कि उसके पति के खाते का भी कहीं दुरुपयोग तो नहीं किया गया है, उसे इसकी कोई जानकारी नहीं है।
महिला ने सोनो थानाध्यक्ष से पूरे मामले की जांच कराने, खाते में हुए लेन-देन की पड़ताल करने तथा दोषी व्यक्ति के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविकता सामने आएगी।
वहीं, आरोपित से इस बाबत संपर्क नहीं हो सका। इधर, थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। जांच की जा रही है।
