'एसपी को बांसुरी बजाने से फुर्सत नहीं' MLA आईपी गुप्ता ने जमुई पुलिस पर कसा तंज; कहा- नीतीश बाबू हस्तक्षेप कीजिए
Jamui Viral Video Case Politics: जमुई में नाबालिग छात्र-छात्रा के साथ अभद्र घटना और वीडियो वायरल होने के मामले ने ...और पढ़ें
-1790060368653_m.webp)
Jamui Viral Video Case Politics: जमुई मामले में एसपी पर भड़के विधायक आईपी गुप्ता
HighLights
नाबालिग छात्र-छात्रा के साथ अभद्र घटना, वीडियो वायरल होने से विवाद।
विधायक आईपी गुप्ता ने जमुई एसपी को तत्काल पद से हटाने की मांग।
जदयू प्रदेश अध्यक्ष के 'छिटपुट' बयान पर विधायक ने तीखा प्रहार किया।
संवाद सहयोगी, जमुई। Jamui Viral Video Case Politics:जिले में नाबालिग छात्र-छात्रा के साथ सरेराह हुई अभद्र घटना, मारपीट और उसका वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित किए जाने के संवेदनशील मामले ने अब तूल पकड़ लिया है। इस शर्मनाक वारदात को लेकर राज्य में सियासी पारा चढ़ गया है।
सहरसा के विधायक एवं इंडियन इन्क्लूसिव पार्टी (आईआईपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष आईपी गुप्ता ने जिले की लचर कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए जमुई के पुलिस अधीक्षक (एसपी) विश्वजीत दयाल को तत्काल पद से हटाने की मांग उठाई है। इसके साथ ही उन्होंने मामले पर बयानबाजी कर रहे सत्तारूढ़ जदयू के प्रदेश नेतृत्व पर भी सीधा हमला बोला है।
विधायक आईपी गुप्ता ने कहा कि दिनदहाड़े स्कूल-कोचिंग जा रहे नाबालिग बच्चों के साथ इस प्रकार की अमर्यादित घटना दर्शाती है कि जिले में पुलिस प्रशासन का इकबाल पूरी तरह समाप्त हो चुका है। असामाजिक तत्वों और अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्हें कानून का तनिक भी भय नहीं रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि जमुई में लगातार अपराध का ग्राफ ऊपर जा रहा है, लेकिन जिला पुलिस रोकथाम करने में पूरी तरह पस्त नजर आ रही है।
विधायक ने लगाए आरोप
जमुई एसपी की कार्यशैली पर कड़ा प्रहार करते हुए विधायक ने व्यंग्यात्मक लहजे में कहा, “जिले में कानून का राज तार-तार हो रहा है और यहां के पुलिस कप्तान को बांसुरी बजाने से फुर्सत नहीं मिल रही है।” उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मांग की कि जमुई के एसपी को अविलंब मुख्यालय वापस बुलाया जाए और जिले की कमान किसी कड़क व जवाबदेह अधिकारी को सौंपी जाए, ताकि आम जनता और विशेषकर छात्राओं के मन में सुरक्षा का विश्वास बहाल हो सके।
जदयू प्रदेश अध्यक्ष के बयान पर भड़के
विधायक आईपी गुप्ता ने सत्तारूढ़ जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा के उस बयान पर भी कड़ा ऐतराज जताते हुए तीखा प्रहार किया, जिसमें उन्होंने कथित तौर पर इस घटना को ‘छिटपुट’ करार दिया था।
विधायक ने कहा कि एक नाबालिग छात्रा की मर्यादा और सुरक्षा से खिलवाड़ जैसी जघन्य घटना को ‘छिटपुट’ कहना सत्ता पक्ष की असंवेदनशीलता और बेशर्मी की पराकाष्ठा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक इस घिनौने कृत्य में शामिल सभी दोषियों को कठोर सजा नहीं मिल जाती और लापरवाह अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक इस मुद्दे को पुरजोर तरीके से उठाया जाता रहेगा।
