सड़क पर चीखती रही छात्रा, मनचलों ने किया बैड टच! जमुई में वीडियो वायरल होते ही DM ने लिया एक्शन
Jamui Viral Video Case: जमुई में नाबालिग छात्र-छात्रा के साथ मनचलों द्वारा बदसलूकी और वीडियो वायरल करने का मामला सामने ...और पढ़ें

HighLights
जमुई में नाबालिग छात्र-छात्रा से मनचलों ने की बदसलूकी।
घटना का वीडियो बनाकर इंटरनेट पर किया गया वायरल।
जिलाधिकारी के निर्देश पर पुलिस ने POCSO में FIR दर्ज की।
संवाद सहयोगी, जमुई। Jamui Viral Video Case: कानून का कोई खौफ नहीं, न लोकलाज का डर। सड़क से गुजरते दो सहमे हुए स्कूली बच्चे और उनके गिर्द भेड़ियों की मानिंद घेरा डाले मनचलों का झुंड। बिहार के जमुई जिले से सामने आई एक शर्मनाक तस्वीर ने न केवल पूरे प्रशासनिक तंत्र को हिलाकर रख दिया है, बल्कि सभ्य समाज के माथे पर भी गहरा कलंक लगा दिया है।
19 सितंबर की शाम जब एक नाबालिग छात्र और छात्रा अपनी स्कूटी से घर की ओर लौट रहे थे, तभी बीच रास्ते में घात लगाए खड़े 6-7 शोहदों ने उन्हें जबरन रोक लिया। इसके बाद खाकी और कानून को ठेंगा दिखाते हुए उन मासूमों के साथ जो सुलूक किया गया, उसकी दास्तान रूह कंपा देने वाली है।
आरोपितों ने न केवल दोनों बच्चों के साथ बदसलूकी और गाली-गलौज की, बल्कि नाबालिग छात्रा के साथ ‘बैड टच’ कर उसकी अस्मत और गरिमा को सरेराह तार-तार करने का कुत्सित प्रयास किया।
छात्रा हाथ जोड़कर गिड़गिड़ाती रही, मासूम रहम की भीख मांगते रहे, लेकिन मनचलों की दरिंदगी नहीं थमी। वे बेशर्मी से इस पूरी घिनौनी हरकत का मोबाइल से वीडियो बनाते रहे और बाद में उसे इंटरनेट मीडिया पर वायरल कर अपनी हनक दिखाने की कोशिश की।
जिलाधिकारी के निर्देश पर पुलिस ने लिया स्वतः संज्ञान, दर्ज हुई प्राथमिकी
सड़क पर मचे इस नंगे नाच का वीडियो जैसे ही इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हुआ, पूरे जिले में जनाक्रोश भड़क उठा। हालांकि, सामाजिक संकोच और लोकलाज के भय से पीड़ित पक्ष की ओर से थाने में तुरंत कोई औपचारिक लिखित शिकायत नहीं दी गई थी। लेकिन मामले की संवेदनशीलता और भयावहता को भांपते हुए जिलाधिकारी नवीन ने मामले का तत्काल संज्ञान लिया और पुलिस महकमे को स्वतः आगे बढ़कर कठोर कार्रवाई का हुक्म दिया।
19 सितंबर की शाम जमुई सदर थाना क्षेत्र में स्कूटी सवार नाबालिग छात्र-छात्रा को मनचलों के झुंड ने बीच रास्ते रोका
सड़क पर गिड़गिड़ाते रहे मासूम, मनचलों ने की अभद्रता और बैड टच; शर्मनाक हरकत का वीडियो बनाकर इंटरनेट पर किया वायरल
वीडियो सामने आने पर जिलाधिकारी नवीन के निर्देश पर पुलिस ने लिया स्वतः संज्ञान, पीड़ितों से संपर्क कर दर्ज की FIR
आरोपितों की पहचान पूरी, पोक्सो सहित कठोर धाराओं में शिकंजा कसने की तैयारी; सियासी दलों ने भी की सख्त कार्रवाई की मांग
जिलाधिकारी के निर्देश पर जमुई सदर थाना पुलिस ने वायरल वीडियो की तकनीकी पड़ताल शुरू की। साइबर सेल और गुप्तचरों की मदद से पुलिस ने पीड़ित छात्र-छात्रा का पता लगाया और उनके घर जाकर अत्यंत गोपनीय व संवेदनशील माहौल में उनका बयान दर्ज किया। इसके बाद सदर थाने में पोक्सो एक्ट (POCSO Act) और बीएनएस की सुसंगत गैर-जमानती धाराओं के तहत विधिवत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

आरोपितों के गिरेबान तक पहुंची पुलिस की जद, नजीर बनेगी सजा
पुलिस ने वीडियो फुटेज के आधार पर घटना में शामिल मनचलों की पहचान पूरी कर ली है। जांच में सामने आया है कि 6 से 7 युवक इस अपराध में सक्रिय थे, जिनकी धरपकड़ के लिए पुलिस की विशेष टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है कि वीडियो बनाकर किस मंशा से डिजिटल प्लेटफॉर्म पर प्रसारित किया गया, ताकि साइबर अपराध की धाराओं को भी मुकदमे में जोड़ा जा सके।
प्रशासन ने छात्र-छात्रा की मानसिक स्थिति और सामाजिक सम्मान को देखते हुए उनकी पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी है। साथ ही आम अवाम से अपील की गई है कि कानूनन किसी भी नाबालिग पीड़िता की पहचान उजागर करने वाला वीडियो साझा न करें।
मॉब जस्टिस बर्दाश्त नहीं, सत्ता पक्ष के नेताओं का फूटा गुस्सा
सरेराह नाबालिगों के साथ मॉब जस्टिस और दरिंदगी की इस घटना ने सियासी पारे को भी गरमा दिया है। जेडीयू प्रवक्ता नवल शर्मा ने सख्त लहजे में कहा कि बिहार में कानून का राज है, यहां किसी भी सूरत में सड़कों पर तालिबानी हुकूमत या 'मॉब जस्टिस' की इजाजत नहीं दी जा सकती। उन्होंने कहा कि कानून अपने हाथ में लेकर बेटियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों का हिसाब पुलिस सख्ती से करेगी।
वहीं, बीजेपी प्रवक्ता कुंतल कृष्ण ने घटना की तीखी भर्त्सना करते हुए कहा कि बेटियों की गरिमा के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा और पुलिस ऐसी नजीर पेश करेगी जिससे दोबारा कोई ऐसी हिमाकत न कर सके। भाजपा की प्रदेश महामंत्री डॉ. प्रीति शेखर ने इस घटना की काफी निंंदा की। कहा कि- शर्मनाक है यह। पुलिस जांच कर इस पर सख्ती से कार्रवाई करे।
"यह घटना 19 सितंबर की शाम जमुई सदर थाना क्षेत्र की है। वीडियो सामने आते ही पुलिस ने स्वतः संज्ञान लिया। दोनों नाबालिगों की पहचान कर उनका पक्ष जाना गया है। प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और वीडियो में दिख रहे आरोपियों की पहचान भी कर ली गई है। नाबालिगों की निजता का पूरा ध्यान रखते हुए सभी दोषियों के खिलाफ कठोरतम वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।"
