विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जमुई में छात्रा मुस्कान की मौत पर बवाल, पथराव के दो मुख्य आरोपी गिरफ्तार; ब‍िहार पुलिस फुटेज से कर रही पहचान

Published: Thu, 10 Sep 2026 12:15 PM (IST)

Jamui Khaira Bawal Arrest: जमुई के खैरा बाजार में छात्रा मुस्कान कुमारी की सड़क हादसे में मौत के बाद हुए ...और पढ़ें

Jamui Khaira Bawal Arrest: छात्रा की मौत पर खैरा में पथराव-बवाल मामला: बरियारपुर से दो आरोपित गिरफ्तार, वीडियो फुटेज से अन्य की पहचान में जुटी पुलिस

Jamui Khaira Bawal Arrest: छात्रा की मौत पर खैरा में पथराव-बवाल मामला: बरियारपुर से दो आरोपित गिरफ्तार, वीडियो फुटेज से अन्य की पहचान में जुटी पुलिस

HighLights

  1. मुस्कान कुमारी की सड़क हादसे में मौत के बाद जनाक्रोश भड़का।

  2. पुलिस ने पथराव और उपद्रव के दो मुख्य आरोपी गिरफ्तार किए।

  3. वीडियो फुटेज से अन्य उपद्रवियों की पहचान जारी, कार्रवाई होगी।

संवाद सहयोगी, जमुई। Jamui Khaira Bawal Arrest: खैरा बाजार में नौवीं कक्षा की छात्रा मुस्कान कुमारी की सड़क हादसे में हुई दर्दनाक मौत के बाद उपजे जनाक्रोश, पथराव और सार्वजनिक संपत्ति में तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने सख्त कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बरियारपुर गांव में छापेमारी कर बवाल और उपद्रव में शामिल दो मुख्य आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।

गिरफ्तार किए गए आरोपितों की पहचान बरियारपुर निवासी रणवीर कुमार और धर्मवीर कुमार के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ बवाल भड़काने और विधि-व्यवस्था भंग करने में संलिप्तता के ठोस साक्ष्य मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई।

उल्लेखनीय है कि बीते दिनों खैरा बाजार में अनियंत्रित वाहन की चपेट में आने से नौवीं की छात्रा मुस्कान की मौके पर ही मौत हो गई थी। इस हृदयविदारक हादसे के बाद स्थानीय लोग उग्र हो गए थे और देखते ही देखते खैरा बाजार रणक्षेत्र में तब्दील हो गया था।

आक्रोशित भीड़ ने मुख्य मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया था और मौके पर पहुंची पुलिस टीम पर पथराव करने के साथ-साथ वाहनों में तोड़फोड़ की थी। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को भारी मशक्कत करनी पड़ी थी। इसके बाद पुलिस प्रशासन ने सरकारी कार्य में बाधा डालने, सड़क जाम करने और उपद्रव फैलाने के आरोप में सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उपद्रवियों की शिनाख्त शुरू की थी।

  • खैरा बाजार में 9वीं की छात्रा मुस्कान की सड़क दुर्घटना में मौत के बाद भड़के उपद्रव मामले में पुलिस का एक्शन

  • बरियारपुर गांव में छापेमारी कर दो नामजद/चिह्नित आरोपितों रणवीर कुमार और धर्मवीर कुमार को किया गया गिरफ्तार

  • हादसे के बाद आक्रोशित भीड़ ने सड़क जाम कर किया था भारी पथराव और तोड़फोड़; पुलिस ने दर्ज की थी प्राथमिकी

  • घटनास्थल के वीडियो फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अन्य उपद्रवियों को चिह्नित करने में जुटी पुलिस

वीडियो फुटेज से उपद्रवियों की पहचान, कई रडार पर

थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने बताया कि बवाल के दौरान बनाए गए विभिन्न मोबाइल वीडियो, सीसीटीवी फुटेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का बारीकी से विश्लेषण किया जा रहा है। फुटेज के आधार पर भीड़ को उकसाने और पत्थरबाजी करने वाले कई चेहरों को चिह्नित किया जा चुका है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून हाथ में लेने वाले किसी भी उपद्रवी को बख्शा नहीं जाएगा। बरियारपुर से पकड़े गए दोनों आरोपितों रणवीर और धर्मवीर से सघन पूछताछ की जा रही है और उनकी निशानदेही पर अन्य उपद्रवियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। इस सफल छापेमारी अभियान में पुलिस अवर निरीक्षक (पुअनि) कुंज बिहारी कुमार सहित खैरा थाने के सशस्त्र बल के जवान मुख्य रूप से शामिल थे।