विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जमुई में एक ही रात 4 घरों में भीषण चोरी! 4 लाख के गहने-नकदी पार, प्रखंड प्रमुख के घर में भी ताला तोड़कर घुसे चोर

Published: Fri, 11 Sep 2026 11:01 AM (IST)

Jamui Theft News: जमुई के चकाई प्रखंड में चोरों ने एक ही रात में चार घरों से करीब चार लाख ...और पढ़ें

Jamui Theft News: चकाई के जलखरिया गांव में एक ही रात 4 घरों के ताले तोड़े, 4 लाख की संपत्ति चोरी; प्रखंड प्रमुख के घर भी धावा

Jamui Theft News: चकाई के जलखरिया गांव में एक ही रात 4 घरों के ताले तोड़े, 4 लाख की संपत्ति चोरी; प्रखंड प्रमुख के घर भी धावा

HighLights

  1. चकाई के जलखरिया गांव में चार घरों में चोरी।

  2. लगभग चार लाख रुपये के जेवरात और नकदी पार।

  3. प्रखंड प्रमुख के घर में भी सेंधमारी का प्रयास।

संवाद सूत्र, चन्द्रमंडी (जमुई)। Jamui Theft News: चकाई प्रखंड क्षेत्र में सक्रिय चोर गिरोह का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। पुलिस गश्त और सुरक्षा दावों को धता बताते हुए बेखौफ चोरों ने गुरुवार की देर रात चकाई थाना क्षेत्र की पेटरपहाड़ी पंचायत अंतर्गत जलखरिया गांव में एक साथ चार घरों को निशाना बनाया। चोरों ने सभी घरों के ताले चटकाकर करीब चार लाख रुपये मूल्य की संपत्ति, नकदी और जेवरातों पर हाथ साफ कर दिया। लगातार हो रही वारदातों से पूरे इलाके में दहशत और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है।

जानकारी के अनुसार, चोरों ने संगठित तरीके से गांव में धावा बोला और एक-एक कर चार बंद व सूने घरों के ताले तोड़े। पीड़ित परिवारों में संजय दास, बंसी दास, फूलदेव दास और तूफानी दास शामिल हैं। इन चारों पीड़ितों के घरों से लगभग एक-एक लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात, नकदी, कीमती कपड़े, कांसे-पीतल के बर्तन और जरूरी कागजात समेटकर चोर फरार हो गए। सुबह जब परिजनों और ग्रामीणों की नजर टूटे तालों और बिखरे सामान पर पड़ी, तब जाकर घटना की जानकारी हुई।

प्रखंड प्रमुख के घर भी धावा, परिजनों के जगने पर भागे

चार घरों में चोरी करने के बाद दुस्साहसी चोरों ने प्रखंड प्रमुख उर्मिला देवी और उनके प्रतिनिधि अमीर दास के घर में भी सेंधमारी की कोशिश की। चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ दिया और भीतर घुसने का प्रयास करने लगे। हालांकि, आहट पाकर घर के लोग जग गए और शोर मचाना शुरू किया, जिसके बाद पकड़े जाने के डर से चोर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भाग निकले।

  • चकाई थाना क्षेत्र की पेटरपहाड़ी पंचायत के जलखरिया गांव में गुरुवार की रात चोरों ने चार घरों को बनाया निशाना

  • संजय दास, बंसी दास, फूलदेव दास और तूफानी दास के घरों से करीब चार लाख रुपये की नकदी, जेवरात व कीमती सामान चोरी

  • प्रखंड प्रमुख उर्मिला देवी व प्रतिनिधि अमीर दास के घर का भी तोड़ा ताला, परिजनों के जागने पर भागे बदमाश

  • एक सप्ताह में चकाई में दो और चंद्रमंडीह में पांच चोरियां; प्रमुख के पत्र के बावजूद वारदातों पर नहीं लग पा रही लगाम

परिजनों ने बताया कि महज एक माह पूर्व भी प्रखंड प्रमुख के घर में चोरी की घटना घटित हुई थी। घटना की सूचना तत्काल चकाई थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया और पीड़ितों के बयान दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

Jamui Theft 4 Houses Burgled Rs 4 Lakh Stolen in One Night (1)

पत्र लिखने के बाद भी नहीं चेती पुलिस, ग्रामीणों में रोष

इलाके में बढ़ती आपराधिक वारदातों को लेकर पुलिसिया कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। आंकड़ों के मुताबिक, बीते एक सप्ताह के भीतर अकेले चकाई थाना क्षेत्र में दो और चंद्रमंडीह थाना क्षेत्र में पांच बड़ी चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन पुलिस अब तक किसी भी कांड का उद्भेदन करने या चोर गिरोह तक पहुंचने में नाकाम रही है।

गौरतलब है कि महज दो दिन पूर्व ही प्रखंड प्रमुख उर्मिला देवी ने क्षेत्र में बढ़ती चोरियों पर गहरी चिंता जताते हुए चकाई, चंद्रमंडी, चिहरा, बिचकोडवा और सिमुलतला थानाध्यक्षों को पत्र लिखकर सघन रात्रि गश्ती और गिरोह पर नकेल कसने का आग्रह किया था। इसके बावजूद पुलिस की सुस्ती के बीच चोरों ने सीधे प्रमुख के गांव में ही वारदात को अंजाम दे डाला। स्थानीय ग्रामीणों ने वरीय अधिकारियों से रात्रि गश्ती बढ़ाने और चोर गिरोह का जल्द खुलासा कर चोरी गया माल बरामद करने की मांग की है।