बिहार: 'प्रेम प्रसंग' में 16 साल के लड़के की निर्मम हत्या, शव के टुकड़े कर जमीन में दफनाया; 6 हिरासत में
जमुई के 16 वर्षीय मिथुन कुमार दास की प्रेम प्रसंग के चलते निर्मम हत्या कर दी गई। आरोपियों ने शव ...और पढ़ें

16 वर्षीय लड़के का टुकड़ों में शव मिलने के बाद विलाप करते स्वजन। सौ: ग्रामीण
HighLights
जमुई के 16 वर्षीय लड़के की प्रेम प्रसंग में हत्या।
आरोपियों ने शव के टुकड़े कर जमीन में दफनाया था।
पुलिस ने शव बरामद कर कई आरोपियों को हिरासत में लिया।
संवाद सूत्र, चंद्रमंडी (जमुई)। चकाई प्रखंड के एक 16 के लड़के को प्रेम संबंध की कीमत अपनी जान देकर चुकानी पड़ी। गिरिडीह के बेंगाबाद थाना क्षेत्र के पहाड़पुर गांव में उसकी निर्मम हत्या कर शव के टुकड़े कर जमीन के नीचे दफना दिए गए।
पुलिस ने जमीन खोदकर शव बरामद किया है। मृतक की पहचान बिचकोड़वा थाना क्षेत्र के मोरियाडीह निवासी मथुरा रविदास के पुत्र मिथुन कुमार दास उर्फ कारू दास (16) के रूप में हुई है।
शव पहाड़पुर निवासी आरोपित जगदीश दास के घर के पीछे खजूर के पेड़ के निकट जमीन में दफनाया हुआ मिला। घटना की सूचना मिलने के बाद बेंगाबाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपित जगदीश दास, उसकी पत्नी और बेटी सहित करीब आधा दर्जन लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
कटा पैर मिलने के बाद खुला राज
बताया जाता है कि कारू दास रविवार की शाम से घर से लापता था। स्वजन लगातार उसकी खोजबीन कर रहे थे। इसी क्रम में पहाड़पुर गांव में इंसान का कटा हुआ पैर फेंका मिला। इसके बाद संदेह गहराया और घटना का खुलासा हुआ। सूचना मिलने पर बेंगाबाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची।
भारी सुरक्षा-व्यवस्था के बीच सीओ की मौजूदगी में मजिस्ट्रेट की नियुक्ति कर जमीन में दफन शव को बाहर निकाला गया।
एसडीपीओ जीतवाहन उरांव ने बताया कि प्रथमदृष्टया प्रेम प्रसंग में हत्या की बात सामने आ रही है। शव को टुकड़ों में काटकर दफनाया गया था। फारेंसिक टीम को बुलाया गया है और हत्या में प्रयुक्त हथियार का पता लगाया जा रहा है।
आरोपित की बेटी से था प्रेम प्रसंग
बताया जाता है कि मृतक मिथुन का पिछले एक वर्ष से पहाड़पुर निवासी जगदीश दास की बेटी के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। मृतक के पिता और भाई ने बताया कि इसको लेकर पहले भी मिथुन को समझाया गया था।
स्वजनों का आरोप है कि मिथुन लड़की से मिलने पहाड़पुर आया था। इसी दौरान उसे बहला-फुसलाकर घर बुलाने के बाद उसकी हत्या कर दी गई।
चार दिनों से लापता था मिथुन
कारू दास चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था। वह पहले दिल्ली में रहता था और पिछले छह माह से मोरियाडीह स्थित अपने घर पर रह रहा था। रविवार की शाम घर से निकलने के बाद उसका कोई सुराग नहीं मिला।
स्वजनों ने उसके लापता होने की सूचना पुलिस को नहीं दी थी। बुधवार को पिता खोजबीन करते हुए पहाड़पुर पहुंचे, लेकिन मिथुन का पता नहीं चला। गुरुवार को दोबारा पहाड़पुर पहुंचने पर कटा पैर मिलने की जानकारी हुई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
जानवरों ने खींचकर बाहर निकाले शव के टुकड़े
बताया जाता है कि शव दफनाने के बाद आरोपित अपने घर में ही रह रहे थे। दो-तीन दिन बाद जंगली जानवरों या कुत्तों ने जमीन में दफन शव के टुकड़ों को खींचकर बाहर निकाल दिया। इससे आसपास दुर्गंध फैलने लगी और लोगों को संदेह हुआ। आरोपित के घर के अंदर खून के धब्बे मिलने की बात भी सामने आ रही है।
घटना का खुलासा होने के बाद मौके पर पहुंचे मृतक के स्वजनों ने हंगामा किया और आरोपित जगदीश दास के साथ मारपीट भी की। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए आरोपितों को हिरासत में लिया। घटनास्थल पर स्वजनों के चीत्कार से माहौल गमगीन हो गया।
