विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Jamui Snakebite Incident: सोए अवस्था में दो बहनों को जहरीले करैत सांप ने डंसा, छोटी बहन की मौत, बड़ी की हालत गंभीर

Published: Mon, 31 Aug 2026 09:46 AM (IST)

जमुई में बरसात के कारण सर्पदंश की घटनाओं में वृद्धि हुई है, जहां सोनो थाना क्षेत्र में जहरीले करैत सांप ...और पढ़ें

रात में सोते समय घर में घुसा जहरीला करैत: जमुई में दो सगी बहनों को डंसा, अस्पताल ले जाने के दौरान 8 वर्षीय मासूम की मौत

रात में सोते समय घर में घुसा जहरीला करैत: जमुई में दो सगी बहनों को डंसा, अस्पताल ले जाने के दौरान 8 वर्षीय मासूम की मौत

HighLights

  1. जमुई में करैत सांप ने दो बहनों को डंसा।

  2. आठ वर्षीय प्रियांशु की मौत, बड़ी बहन गंभीर।

  3. बरसात में सर्पदंश से बचने की सलाह, तत्काल उपचार।

संवाद सहयोगी, जमुई। बरसात का मौसम शुरू होते ही जमुई जिले के ग्रामीण व कस्बाई इलाकों में सर्पदंश (सांप के काटने) की घटनाओं में अप्रत्याशित वृद्धि हो गई है। लगातार बारिश से खेतों, झाड़ियों और बिलों में पानी भर जाने के कारण विषैले सांप सुरक्षित ठिकानों की तलाश में रिहायशी घरों में घुस रहे हैं। रात के अंधेरे में घरों में प्रवेश करने वाला अत्यधिक विषैला करैत सांप ग्रामीणों के लिए काल साबित हो रहा है। जिले में इस मानसूनी सीजन में अब तक सर्पदंश से एक दर्जन से अधिक लोग अपनी जान गंवा चुके हैं।

ताजा दुखद घटना सोनो थाना क्षेत्र के ठाकुर अहरा गांव की है, जहां रात में घर के भीतर सो रही दो सगी बहनों को एक जहरीले करैत सांप ने डंस लिया। अस्पताल ले जाने के क्रम में छोटी बहन ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। मृतका की पहचान ठाकुर अहरा निवासी अनिल यादव की आठ वर्षीय पुत्री प्रियांशु कुमारी के रूप में हुई है। वहीं, उसकी 11 वर्षीय बड़ी बहन प्रियंका कुमारी का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।

  • जमुई के सोनो थाना क्षेत्र अंतर्गत ठाकुर अहरा गांव में घर में सो रही दो सगी बहनों को जहरीले करैत सांप ने डंसा

  • अनिल यादव की 8 वर्षीय पुत्री प्रियांशु कुमारी की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत, 11 वर्षीय बड़ी बहन प्रियंका का उपचार जारी

  • बरसात के मौसम में बिलों में पानी भरने से रिहायशी इलाकों में पहुंच रहे सांप; जिले में अब तक एक दर्जन से अधिक मौतें

  • विशेषज्ञों की सलाह: बरसात में जमीन पर सोने से बचें, घर के आसपास रखें सफाई और सर्पदंश के तुरंत बाद पहुंचें अस्पताल 

सोए अवस्था में डंसा, अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम

परिजनों के अनुसार, दोनों बहनें रात में खाना खाकर घर के कमरे में सो रही थीं। इसी दौरान जहरीला करैत सांप बिस्तर तक पहुंच गया और दोनों बच्चियों को डंस लिया। कुछ देर बाद जब बच्चियों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी और उन्होंने असहनीय दर्द की शिकायत की, तब परिजनों को सर्पदंश की आशंका हुई।

परिजन दोनों बच्चियों को आनन-फानन में इलाज के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से सदर अस्पताल लेकर रवाना हुए। हालांकि, रास्ते में ही जहर फैलने से आठ वर्षीय प्रियांशु की हालत अत्यंत गंभीर हो गई और सदर अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया। मासूम बच्ची की असमय मौत से परिजनों में कोहराम मच गया है और गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।

जमीन पर न सोएं, झाड़-फूंक छोड़ तुरंत जाएं अस्पताल

स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, बरसात के दिनों में करैत और कोबरा जैसे जहरीले सांप सूखे स्थान की तलाश में घरों के भीतर फर्श या बिस्तर में छिप जाते हैं। विशेषज्ञों ने ग्रामीणों को सलाह दी है कि इस मौसम में जमीन पर सोने से पूरी तरह परहेज करें और हमेशा मच्छरदानी लगाकर व चौकी-खाट पर ही सोएं। घर के आसपास झाड़ियों व कबाड़ की नियमित सफाई रखें और रात में रोशनी का प्रयोग करें। सर्पदंश की स्थिति में किसी भी तरह के झाड़-फूंक या अंधविश्वास में समय गंवाए बिना मरीज को तुरंत निकटतम सरकारी अस्पताल ले जाकर एंटी-वेनम इंजेक्शन लगवाएं।